
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र भुगतान की मांग, हजारों कर्मचारियों को अब भी घोषणा पूरी होने का इंतजार…
सूरजपुर :– छत्तीसगढ़ प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) कर्मचारी संघ, जिला सूरजपुर ने एक दिवसीय सूरजपुर प्रवास पर पहुंचे प्रदेश के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल को ज्ञापन सौंपकर एनएचएम कर्मचारियों के 33 दिनों की हड़ताल अवधि का वेतन शीघ्र प्रदान करने की मांग की है। संघ ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय द्वारा प्रदेश स्तरीय महासम्मेलन में वेतन भुगतान की घोषणा किए जाने के बावजूद अब तक कर्मचारियों को इसका लाभ नहीं मिल पाया है। इससे प्रदेशभर के हजारों एनएचएम कर्मचारियों में निराशा है।
ज्ञापन में बताया गया कि प्रदेश के राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के कर्मचारियों ने अपनी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर 18 अगस्त 2025 से 19 सितंबर 2025 तक लगातार 33 दिनों तक प्रदेशव्यापी आंदोलन किया था। इस दौरान प्रदेश के हजारों संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों ने नियमितीकरण, वेतन विसंगति दूर करने सहित विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन किया था। आंदोलन के दौरान शासन एवं कर्मचारी संघ के बीच विभिन्न मांगों पर चर्चा और सहमति बनने के बाद मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री से हुई चर्चा के उपरांत आंदोलन स्थगित किया गया था।
सेवा से पृथक किए गए 25 कर्मचारी भी हुए बहाल
संघ ने ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया कि आंदोलन अवधि के दौरान 25 एन एचएम कर्मचारियों को सेवा से पृथक कर दिया गया था। बाद में शासन द्वारा 29 दिसंबर 2025 को संबंधित कार्रवाई को शून्य करते हुए सभी 25 कर्मचारियों को पुनः सेवा में बहाल किया गया। हालांकि, आंदोलन के दौरान कर्मचारियों का 33 दिनों का वेतन काट लिया गया था, जिसका भुगतान अब तक लंबित है।
13 जून 2026 को मुख्यमंत्री ने की थी वेतन भुगतान की घोषणा
छत्तीसगढ़ प्रदेश एनएचएम कर्मचारी संघ द्वारा 13 जून 2026 को रायपुर स्थित सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में प्रदेश स्तरीय महासम्मेलन का आयोजन किया गया था। इस महासम्मेलन में प्रदेशभर के हजारों एनएचएम कर्मचारी शामिल हुए थे। इसी दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आंदोलन अवधि के 33 दिनों के वेतन का भुगतान किए जाने की सौगात देते हुए उक्त अवधि का वेतन देने की घोषणा की थी।
मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद कर्मचारियों में वेतन भुगतान को लेकर उम्मीद जगी थी, लेकिन कई महीने बीत जाने के बावजूद भुगतान नहीं होने से कर्मचारियों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। संघ का कहना है कि कर्मचारियों ने आंदोलन के दौरान अपनी मांगों को लेकर संघर्ष किया था और अब मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप वेतन भुगतान किया जाना चाहिए।
स्वास्थ्य मंत्री से शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने की मांग:
छत्तीसगढ़ प्रदेश एनएचएम कर्मचारी संघ के प्रदेश प्रवक्ता पुरन दास एवं सूरजपुर जिलाध्यक्ष बृजलाल पटेल ने* स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल को ज्ञापन सौंपकर मुख्यमंत्री की घोषणा का शीघ्र क्रियान्वयन करने तथा सभी प्रभावित एनएचएम कर्मचारियों को 33 दिनों के हड़ताल अवधि का वेतन प्रदान करने की मांग की।
संघ पदाधिकारियों ने कहा कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के कर्मचारी प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में NHM कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसके बावजूद लंबे समय से हड़ताल अवधि के वेतन का भुगतान लंबित रहना कर्मचारियों के लिए चिंता का विषय है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणा कर्मचारियों के लिए उम्मीद की किरण है। अब शासन को इस दिशा में शीघ्र कार्रवाई करते हुए भुगतान की प्रक्रिया पूरी करनी चाहिए, ताकि प्रदेश के हजारों कर्मचारियों और उनके परिवारों को राहत मिल सके।
संघ ने राज्य सरकार से मांग की है कि मुख्यमंत्री की घोषणा का सम्मान करते हुए 33 दिनों के हड़ताल अवधि के वेतन का भुगतान बिना किसी अनावश्यक विलंब के सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, इस संबंध में संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश जारी कर कर्मचारियों को शीघ्र राहत प्रदान की जाए।





