वन विभाग की बड़ी कार्रवाई: खलीबा बीट में छापा, एक लाख की साल लकड़ी जब्त..

Spread the love

सर्च वारंट के आधार पर दी गई दबिश, 33 नग चौखट और पटरे बरामद; युवा IFS कुणाल मिश्रा के नेतृत्व में हुई कार्रवाई

अंबिकापुर :- सरगुजा वनमंडल में लकड़ी के अवैध भंडारण और तस्करी के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। वन परिक्षेत्र अंबिकापुर के खलीबा बीट अंतर्गत सर्च वारंट के आधार पर दबिश देकर करीब एक लाख रुपये कीमत की साल प्रजाति की लकड़ी के 33 नग चौखट एवं पटरे जब्त किए गए हैं। यह कार्रवाई युवा IFS अधिकारी कुणाल मिश्रा के नेतृत्व में की गई।      जानकारी के अनुसार, 23 नवंबर 2026 को सर्च वारंट क्रमांक 25/20/2026 के आधार पर वन विभाग की टीम ने ग्राम घंघरी, तहसील अंबिकापुर निवासी देवी शंकर शुक्ला, पिता राम अंचल शुक्ला के परिसर में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान परिसर से साल प्रजाति की लकड़ी के कुल 33 नग चौखट एवं पटरे बरामद किए गए। जब्त लकड़ी की अनुमानित कीमत लगभग एक लाख रुपये बताई गई है।

मामले में संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध वन विभाग द्वारा नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, प्रकरण में आगे की जांच भी जारी है।

लकड़ी तस्करों को सख्त संदेश देने की तैयारी

कार्रवाई को लेकर युवा IFS कुणाल मिश्रा ने पहल से चर्चा करते हुए कहा कि वन विभाग लगातार लकड़ी की तस्करी पर अंकुश लगाने के प्रयास कर रहा है। अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर सख्त संदेश दिया जाएगा और यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

हालांकि, इस कार्रवाई के बाद एक बड़ा सवाल भी खड़ा हो रहा है कि क्या वन विभाग की जांच लकड़ी के अवैध कारोबार के बड़े नेटवर्क तक पहुंच पाएगी? फिलहाल 33 नग लकड़ी की जब्ती के बाद अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि विभाग की अगली कार्रवाई में कोई बड़ा लकड़ी तस्कर भी गिरफ्त में आता है या नहीं।

Fareed Khan

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!
Verified by MonsterInsights