आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का फूटा आक्रोश, मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन होगा तेज
सूरजपुर में मानदेय, नियमितीकरण और पदोन्नति सहित 10 सूत्रीय मांगों को लेकर संगठन ने प्रशासन को सौंपा ज्ञापन, तीन दिवसीय धरना और चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी
सूरजपुर :- जिले की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं की लंबित समस्याओं को लेकर छत्तीसगढ़ जुझारू आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका कल्याण संघ ने मोर्चा खोल दिया है। संगठन ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जिला प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपते हुए मांगों के शीघ्र निराकरण की मांग की है। संगठन ने स्पष्ट किया है कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
सूरजपुर में अपनी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं का आक्रोश सड़कों पर नजर आया। विरोध प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने ताली और थाली बजाकर शासन-प्रशासन तक अपनी आवाज पहुंचाई और लंबित मांगों को लेकर विरोध दर्ज कराया।
संगठन द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रही हैं, लेकिन अब तक उनकी समस्याओं का संतोषजनक निराकरण नहीं हुआ है। इसी के विरोध में संगठन ने 17 नवंबर 2026 से 19 नवंबर 2026 तक तीन दिवसीय जिला स्तरीय धरना प्रदर्शन तथा 11 दिसंबर 2026 से 12 दिसंबर 2026 तक दो दिवसीय आंदोलन का कार्यक्रम निर्धारित किया है।
नियमितीकरण से लेकर 30 हजार रुपये मानदेय की मांग
संगठन की प्रमुख मांगों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं का नियमितीकरण कर नियमित वेतनमान देने, नियमितीकरण होने तक कार्यकर्ताओं को 30 हजार रुपये मासिक मानदेय देने तथा सहायिकाओं को कार्यकर्ता पद पर शत-प्रतिशत पदोन्नति देने की मांग शामिल है।
इसके अलावा सेवा समाप्ति के बाद कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को 10 लाख रुपये की एकमुश्त राशि देने, पोषण ट्रैकर एवं अन्य ऐप में कार्य करने के लिए उच्च गुणवत्ता वाला 5जी मोबाइल उपलब्ध कराने तथा वर्तमान में दिए जा रहे इंटरनेट खर्च में 500 रुपये प्रतिमाह की वृद्धि करने की मांग की गई है।
10 सूत्रीय विशेष मांगों में ये मुद्दे शामिल
संगठन ने अपनी विशेष मांगों में कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को दिए जा रहे मानदेय में हो रही गड़बड़ी तत्काल सुधारने, आंगनबाड़ी केंद्रों को सूचीबद्ध करने, केंद्रों की बिजली, पंखे एवं अन्य सुविधाओं की व्यवस्था करने तथा जरूरत के अनुसार भवन उपलब्ध कराने की मांग उठाई है।
इसके साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को पर्याप्त खिलौने उपलब्ध कराने, मनमाने रूप से कार्य में कटौती नहीं करने, पुराने पोषण आहार को बदलकर उच्च गुणवत्ता वाला पोषण आहार देने, आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण नियमित करने, गर्म भोजन का चावल महिला समूहों के माध्यम से उपलब्ध कराने और महंगाई भत्ते के अनुरूप पोषण राशि बढ़ाने की मांग भी रखी गई है।
संगठन ने कलेक्टर, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग, पुलिस अधीक्षक, अनुविभागीय दंडाधिकारी एवं समस्त परियोजना अधिकारियों को ज्ञापन प्रेषित किया है।
संगठन का कहना है कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं शासन की विभिन्न योजनाओं को जमीनी स्तर पर संचालित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इसके बावजूद उनकी समस्याओं की अनदेखी करना उचित नहीं है। अब संगठन ने साफ कर दिया है कि मांगों पर गंभीरता से पहल नहीं हुई तो आंदोलन जारी रहेगा।












Leave a Reply