सूरजपुर में जनजातीय गौरव दिवस का हुआ आयोजन, मेधावी विद्यार्थियों और प्रतिभाओं का हुआ सम्मान

Spread the love

रंगमंच सूरजपुर में जनजातीय गौरव दिवस का हुआ आयोजन, जनजातीय समाज के मेधावी विद्यार्थियों एवं प्रतिभाओं का किया गया सम्मान

सूरजपुर :- भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर आज रंगमंच सूरजपुर में प्रेमनगर विधायक श्री भूलन सिंह मरावी के मुख्य आतिथ्य में जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनजातीय समाज की गौरवशाली संस्कृति, परंपराओं और विरासत को प्रदर्शित करने वाली आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। इस अवसर पर जनजातीय समाज के मेधावी विद्यार्थियों एवं प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।       कार्यक्रम में मुरली मनोहर सोनी, सत्यनारायण सिंह, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती स्वाति सिंह, जिला पंचायत एवं जनपद पंचायत के सदस्य सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, राजमोहिनी देवी की सुपुत्री श्रीमती रामबाई, श्री अमृत मरावी एवं जनजातीय समाज के लोग उपस्थित रहे। साथ ही कलेक्टर श्रीमती रेना जमील, जिला पंचायत सीईओ श्री विजेंद्र सिंह पाटले तथा आदिवासी विकास विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी भी शामिल हुए।      इस दौरान विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों एवं उरांव समाज के नर्तक दल ने जनजातीय संस्कृति और परंपराओं पर आधारित मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम में जनजातीय समाज के मेधावी विद्यार्थियों एवं विशिष्ट प्रतिभाओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

   भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष और बलिदान से लें प्रेरणा      मुख्य अतिथि विधायक श्री भूलन सिंह मरावी ने अपने उद्बोधन में कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध संघर्ष कर जनजातीय समाज में स्वाभिमान, एकता और अधिकारों के प्रति जागरूकता का संचार किया। उनका संघर्ष, त्याग और बलिदान सदैव समाज को प्रेरित करता रहेगा।       उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज की पहचान उसकी समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और गौरवशाली इतिहास से है। हमें अपनी भाषा, बोली और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखते हुए आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना चाहिए। समाज के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा अत्यंत आवश्यक है। अभिभावक बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान दें और युवाओं को शिक्षा एवं रोजगार के अवसरों से जोड़ें। साथ ही नशाखोरी और सामाजिक कुरीतियों को दूर करने के लिए सामूहिक प्रयास करें।       उन्होंने कहा कि शासन द्वारा जनजातीय समाज के उत्थान के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों से प्रेरणा लेकर शिक्षित, संगठित और आत्मनिर्भर समाज के निर्माण में योगदान देने की अपील की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनजातीय समाज के श्री रामलखन पैकरा ने भगवान बिरसा मुंडा सहित जनजातीय समाज के अन्य महापुरुषों के महान कार्यों और योगदान का उल्लेख किया तथा उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाज के विकास में सहभागी बनने का आह्वान किया। वहीं जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती स्वाति सिंह ने भी भगवान बिरसा मुंडा के योगदान को स्मरण करते हुए उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने की अपील की।

कार्यक्रम में जनजातीय समाज की गौरवशाली परंपराओं, सांस्कृतिक विरासत और महापुरुषों के योगदान को स्मरण करते हुए समाज के विकास, शिक्षा एवं सांस्कृतिक संरक्षण का संदेश दिया गया। साथ ही बाल विवाह मुक्त सूरजपुर बनाने के लिए विधायक श्री भूलन सिंह मरावी ने सभी को शपथ दिलाई।

Fareed Khan

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!
Verified by MonsterInsights