अडानी के CSR कार्यों और तारा कोल ब्लॉक आवंटन की होगी जांच, राजभवन ने खनिज विभाग को दिए निर्देश

Spread the love

सुजान बिंद की शिकायत पर हरकत में आया राजभवन, रोजगार के दावों और खनन प्रक्रिया की भी होगी पड़ताल; जांच रिपोर्ट सीधे राजभवन को सौंपने के निर्देश

अंबिकापुर :- सरगुजा जिले में अडानी एंटरप्राइजेज की ओर से कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) के तहत कराए गए कार्य अब जांच के दायरे में आ गए हैं। छत्तीसगढ़ राजभवन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए राज्य सरकार के खनिज विभाग के सचिव को पत्र जारी कर जांच के निर्देश दिए हैं। इतना ही नहीं, तारा कोल ब्लॉक के आवंटन और उससे जुड़ी प्रक्रियाओं की भी जांच करने को कहा गया है। जांच पूरी होने के बाद विस्तृत रिपोर्ट राजभवन को सौंपनी होगी।     सुजान बिंद की शिकायत पर राजभवन की पहल

दरअसल, अंबिकापुर के सामाजिक कार्यकर्ता सुजान बिंद ने राजभवन में शिकायत दर्ज कराते हुए अडानी एंटरप्राइजेज के CSR कार्यों की वास्तविकता की जांच कराने की मांग की थी। शिकायत में कंपनी की ओर से सामाजिक सरोकार के तहत कराए जा रहे कार्यों और कोयला खदान प्रभावित क्षेत्रों में स्थानीय लोगों को रोजगार देने के दावों पर सवाल उठाए गए थे।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि स्थानीय लोगों को रोजगार देने के नाम पर केवल कागजी दावे किए जा रहे हैं, जबकि जमीनी स्तर पर स्थिति अलग है। कंपनी की ओर से रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की बात कही जाती है, लेकिन इसका वास्तविक लाभ स्थानीय लोगों को कितना मिल रहा है, इसकी निष्पक्ष जांच जरूरी है।

तारा कोल ब्लॉक का आवंटन भी जांच के घेरे में

मामला केवल CSR कार्यों तक सीमित नहीं है। शिकायत में तारा कोल ब्लॉक के आवंटन और खनन प्रक्रिया को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए गए हैं। आरोप है कि अडानी समूह से जुड़ी दूसरी कंपनी के माध्यम से यहां खनन प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है, जबकि संबंधित गांवों के ग्रामीण लगातार इसका विरोध कर रहे हैं।

सरगुजा में कोयला खदानों को लेकर पहले भी कई बार विरोध प्रदर्शन हो चुके हैं। ग्रामीणों की ओर से खनन प्रक्रिया में नियमों और निर्धारित प्रक्रियाओं की अनदेखी की आशंकाएं जताई जाती रही हैं। ऐसे में अब तारा कोल ब्लॉक से जुड़े पूरे मामले की जांच को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

जांच रिपोर्ट पर टिकी निगाहें, आंदोलन की चेतावनी

राजभवन के अवर सचिव की ओर से खनिज विभाग के सचिव को जांच के निर्देश दिए जाने के बाद अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि जांच कब शुरू होती है और किन बिंदुओं पर पड़ताल की जाती है। जांच में CSR के तहत कराए गए कार्यों की वास्तविक स्थिति, स्थानीय लोगों को रोजगार देने के दावों और तारा कोल ब्लॉक आवंटन से जुड़ी प्रक्रियाओं की पड़ताल की जाएगी।

शिकायतकर्ता सुजान बिंद का कहना है कि उन्हें अब जांच शुरू होने का इंतजार है। यदि जांच नहीं होती या केवल औपचारिकता निभाई जाती है तो वे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।

फिलहाल राजभवन के निर्देश के बाद सरगुजा में अडानी एंटरप्राइजेज के CSR कार्यों और तारा कोल ब्लॉक आवंटन का मामला चर्चा में है। अब सबकी निगाहें जांच और राजभवन को सौंपी जाने वाली रिपोर्ट पर टिकी हैं।

Fareed Khan

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!
Verified by MonsterInsights