हॉस्टल में नहीं रहना चाहता था छात्र, दो दिन पहले भागने के बाद वापस लाकर बंद करने का आरोप; परिजनों की शिकायत पर चार लोगों के खिलाफ FIR
अंबिकापुर :- सरगांवा स्थित निजी बिरला ओपन माइंड्स स्कूल के हॉस्टल में एक गंभीर घटना सामने आई है। यहां कक्षा नौवीं में पढ़ने वाले एक छात्र ने हॉस्टल की दूसरी मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। घटना में छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, घायल छात्र बलरामपुर जिले के चलगली का निवासी है। बताया जा रहा है कि छात्र हॉस्टल में नहीं रहना चाहता था। इसी बात को लेकर वह दो दिन पहले हॉस्टल से भाग गया था। आरोप है कि इसके बाद स्कूल प्रबंधन ने उसे वापस पकड़कर हॉस्टल लाया और वहां बंद कर दिया। इसी घटना से नाराज छात्र ने कथित तौर पर हॉस्टल की दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी।
घटना के बाद स्कूल प्रबंधन की कार्यप्रणाली और हॉस्टल में रह रहे बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। आखिर छात्र हॉस्टल में नहीं रहना चाहता था, तो उसकी परेशानी को समझने और परिजनों से समन्वय बनाने के बजाय उसे वापस लाकर बंद क्यों किया गया? हालांकि, इन आरोपों की वास्तविकता पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
मामले में छात्र के परिजनों की शिकायत पर गांधीनगर पुलिस ने स्कूल के असिस्टेंट डायरेक्टर, मार्केटिंग हेड, हॉस्टल वार्डन सहित चार लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
गौरतलब है कि बिरला ओपन माइंड्स स्कूल इससे पहले भी एक छात्रा और शिक्षिका के बीच हुए विवाद को लेकर सुर्खियों में रहा था। अब हॉस्टल में हुई इस गंभीर घटना ने एक बार फिर स्कूल प्रबंधन की व्यवस्था और विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर बहस छेड़ दी है।
फिलहाल सभी की नजर पुलिस जांच पर है। जांच में यह स्पष्ट होगा कि छात्र के इस कदम के पीछे क्या परिस्थितियां थीं और इस मामले में किसकी कितनी जिम्मेदारी बनती है।










Leave a Reply