सूरजपुर :- सूरजपुर में संदिग्ध हालत में मिला युवक का शव, तीन दिनों से था लापता; इलाके में फैली सनसनी
रिंगरोड स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल के सामने छठ घाट के पास सड़क किनारे मिला शव, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच
सूरजपुर। शहर के रिंगरोड स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल के सामने छठ घाट के पास शनिवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब सड़क किनारे एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान सतपाल सिंह चावला उर्फ राजू, पिता स्व. किशन सिंह चावला के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, मृतक मूल रूप से चिरमिरी का निवासी था और वर्तमान में सूरजपुर के अग्रसेन वार्ड (भट्ठापारा) में रह रहा था। वह पेशे से बाइक मिस्त्री था। बताया जा रहा है कि युवक पिछले तीन दिनों से घर से लापता था, जिसके बाद आज सुबह उसका शव मिलने से कई सवाल खड़े हो गए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।
तीन दिनों से लापता युवक का शव संदिग्ध हालत में मिलने से परिजनों और स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है। अब पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।











Leave a Reply