
सूरजपुर/बिहारपुर :– जिले के सुदूरवर्ती विकासखंड ओड़गी के सेक्टर बिहारपुर अंतर्गत आयुष्मान आरोग्य मंदिर महुली एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिहारपुर का मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रशांत कुमार सिंह ने आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध सेवाओं, दवाइयों, जांच सुविधाओं, साफ-सफाई, अभिलेखों और मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान सीएमएचओ ने स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ अधिकारी-कर्मचारियों से क्षेत्र में संचालित स्वास्थ्य कार्यक्रमों की जानकारी ली। उन्होंने मरीजों को शासन की विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं का बेहतर लाभ दिलाने तथा समय पर उपचार एवं आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता पर जोर
डॉ. प्रशांत सिंह ने कहा कि ग्रामीण एवं सुदूरवर्ती क्षेत्रों के लोगों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं नियमित रूप से पहुंचाना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वास्थ्य संस्थानों में आवश्यक बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में आने वाले मरीजों के साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार करने पर भी विशेष जोर दिया। साथ ही अस्पताल परिसर में साफ-सफाई और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश संबंधित कर्मचारियों को दिए।
प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान की समीक्षा
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिहारपुर में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान की गतिविधियों की भी समीक्षा की गई। सीएमएचओ ने गर्भवती महिलाओं को समय पर जांच, आवश्यक परामर्श एवं स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने पर जोर दिया।
शाम को CHC ओड़गी का भी किया औचक निरीक्षण
बिहारपुर के बाद सीएमएचओ डॉ. प्रशांत कुमार सिंह ने सायंकाल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ओड़गी का भी औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों एवं कक्षों का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति देखी और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की लक्ष्यवार समीक्षा की गई। कार्यक्रम प्रभारियों, सलाहकारों एवं सुपरवाइजरों से निर्धारित लक्ष्य के विरुद्ध हासिल उपलब्धियों की जानकारी ली गई। सीएमएचओ ने सभी संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों को निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करते हुए शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला कार्यक्रम प्रबंधक संदीप नामदेव, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. बंटी बैरागी, प्रभारी अधिकारी सहित स्वास्थ्य विभाग के संबंधित अधिकारी-कर्मचारी एवं स्वास्थ्य केंद्र का स्टाफ मौजूद रहा।





