छत्तीसगढ़सूरजपुर

शिक्षक दिवस पर संकुल स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह का हुआ आयोजन

Spread the love

उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षक हुए सम्मानित, पदोन्नति एवं स्थानांतरण पर शिक्षकों को दी गई ससम्मान विदाई

सूरजपुर – शिक्षक दिवस के अवसर पर संकुल केंद्र कोट, विकासखंड रामानुजनगर में संकुल स्तरीय शिक्षक सम्मान सह विदाई समारोह का आयोजन गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों का सम्मान करने के साथ ही पदोन्नति एवं स्थानांतरण होने पर शिक्षकों को ससम्मान विदाई दी गई तथा नवपदस्थ शिक्षकों का स्वागत किया गया।         कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संकुल प्राचार्य महेश कुमार दोहरे रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रधान पाठक माध्यमिक शाला चिटकाहीपारा-कोट अशोक उपाध्याय एवं प्रधान पाठक माध्यमिक शाला पंपापुर दिनेश द्विवेदी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती एवं भारत के पूर्व राष्ट्रपति, महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर की गई। छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई।         इस अवसर पर संकुल अंतर्गत सत्र 2025 में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान प्रदान किया गया। सम्मानित होने वाले शिक्षकों में प्राथमिक शाला भदरापारा के सहायक शिक्षक नंदलाल सिंह, पूर्व माध्यमिक शाला चिटकाहीपारा-कोट के शिक्षक सुरेन्द्र राजवाड़े तथा शासकीय हाई स्कूल कोट के व्याख्याता कमल किशोर पाण्डेय शामिल रहे।

वहीं संकुल केंद्र कोट के जनशिक्षक शिवलाल सिंह के माध्यमिक शाला रामपुर में प्रधान पाठक के पद पर पदोन्नत होने तथा माध्यमिक शाला कोट के प्रधान पाठक बाबुलाल साहू का माध्यमिक शाला बरहोल में स्थानांतरण होने पर उन्हें स्मृति चिन्ह प्रदान कर ससम्मान विदाई दी गई। संकुल केंद्र कोट में सहायक शिक्षक श्रीमती शालिनी साहू एवं धर्मेन्द्र दुबे की नवीन पदस्थापना होने पर उनका आत्मीय स्वागत किया गया।

संकुल प्राचार्य महेश कुमार दोहरे ने शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षक बच्चों के भविष्य के निर्माता होते हैं। माता-पिता बच्चों को जन्म देते हैं, जबकि शिक्षक उन्हें शिक्षा प्रदान कर उनके जीवन को संवारते हैं और जीवन जीने की कला सिखाते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षक के आचरण का सीधा प्रभाव बच्चों पर पड़ता है। शिक्षक जैसा व्यवहार करते हैं, बच्चे भी उसी से सीखते हैं। इसलिए शिक्षकों को अच्छे आचरण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करना चाहिए तथा शिक्षा में नवाचार के माध्यम से बच्चों के भविष्य को उज्ज्वल बनाने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए।

प्रधान पाठक अशोक उपाध्याय ने शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की दिशा में निरंतर आगे बढ़ने, वर्तमान शिक्षा प्रणाली के अनुरूप स्वयं को अपडेट करने तथा बच्चों को बेहतर शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने शिक्षकीय मर्यादा का पालन करते हुए अपने दायित्वों का ईमानदारीपूर्वक निर्वहन करने पर जोर दिया।

प्रधान पाठक दिनेश द्विवेदी ने शिक्षक दिवस के अवसर पर डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन एवं व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए उनके आदर्शों और बताए मार्ग पर चलने की सीख दी।

कार्यक्रम के दौरान संयुक्त विद्यालय परिवार की ओर से आयोजित स्वादिष्ट न्योता भोज ने समारोह को और भी रोचक एवं आत्मीय बना दिया।

कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता चांसी प्रसाद कुशवाहा ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन शिक्षक राधेश्याम साहू द्वारा किया गया।

इस अवसर पर संकुल प्राचार्य महेश कुमार दोहरे, प्राचार्य उमापुर चन्द्र प्रताप साहू, प्रधान पाठक अशोक उपाध्याय, दिनेश द्विवेदी, फूल सिंह, नागेन्द्र यादव, उर्मिला रवि, अल्ताफ अली, निर्मल प्रसाद, बाबुलाल साहू, राधेश्याम साहू, संकुल समन्वयक बरहोल रामकृपाल साहू, पूर्व संकुल समन्वयक शिवलाल सिंह, कमल किशोर पाण्डेय, चांसी प्रसाद कुशवाहा, यदुवंश नारायण साहू, अनुरंजन टोप्पो, तारकेश सिंह, केशरी राजवाड़े, श्रीमती अनिता साहू, खेलसाय पोर्ते, उमाशंकर साहू, रोहित साहू, लक्ष्मी ठाकुर, नंदलाल सिंह, श्रीमती शालिनी साहू, धर्मेन्द्र दुबे, वीरेन्द्र सिंह, श्रीमती सुशीला, श्रीमती सुखमनिया, श्रीमती हिरामनी सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बच्चे उपस्थित रहे।

Fareed Khan

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Verified by MonsterInsights