
सूरजपुर/भैयाथान :– जनपद पंचायत भैयाथान अंतर्गत ग्राम पंचायत कोटया में विधायक मद से निर्माणाधीन शेड के निर्माण कार्य में कथित अनियमितता और गुणवत्ता को लेकर सवाल उठे हैं। ग्रामवासी भृगु प्रसाद रजवाड़े ने इस संबंध में मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत भैयाथान को लिखित शिकायत सौंपकर निर्माण कार्य की निष्पक्ष तकनीकी जांच कराने की मांग की है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, शेड निर्माण के लिए स्वीकृत अभिलेखों में कॉलम का माप 9×12 दर्शाया गया है, जबकि मौके पर करीब 9×9 के माप में निर्माण किए जाने का आरोप लगाया गया है। इसके अलावा निर्माण में इस्तेमाल की जा रही नींव, सरिया, ईंट, गिट्टी, सीमेंट सहित अन्य सामग्री की मात्रा और गुणवत्ता को लेकर भी शिकायत में सवाल उठाए गए हैं।
शिकायतकर्ता ने मांग की है कि संबंधित तकनीकी अधिकारी या इंजीनियर के माध्यम से मौके का भौतिक एवं तकनीकी सत्यापन कराया जाए। साथ ही स्वीकृत प्राक्कलन, तकनीकी मापदंड और मौके पर किए गए निर्माण का मिलान कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट की जाए।
उन्होंने कहा कि यदि जांच में स्वीकृत मापदंडों से कम निर्माण, गुणवत्ताहीन कार्य या किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए और यदि शासकीय राशि का नुकसान हुआ हो तो उसकी वसूली भी की जाए।
इस मामले में जनपद पंचायत भैयाथान के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनय गुप्ता ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है। निर्माण कार्य में लगाए गए आरोपों की तकनीकी जांच कराई जाएगी। जांच के दौरान यदि किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
वहीं शिकायतकर्ता भृगु प्रसाद रजवाड़े ने कहा कि सरकारी राशि से होने वाले निर्माण कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित होना जरूरी है। उन्होंने प्रशासन से जल्द तकनीकी जांच कराकर वास्तविक स्थिति सार्वजनिक करने की मांग की है।





