109 किलो गांजा, 100 पैकेट और गुप्त चेंबर.. बलरामपुर पुलिस ने दबोची नशे की बड़ी खेप

बलरामपुर :– जिले में नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 50 लाख रुपये कीमत का 109 किलो 235 ग्राम गांजा बरामद किया है। तस्करों ने गांजे को बोलेरो पिकअप के डाले के नीचे बनाए गए गुप्त चेंबर में छिपाकर रखा था। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, बोलेरो पिकअप के जरिए गांजे की बड़ी खेप ले जाने की सूचना मिली थी। जांच के दौरान वाहन की तलाशी ली गई, जिसमें डाले के नीचे एक गुप्त चेंबर बना हुआ मिला। चेंबर को खोलने पर उसमें करीब 100 पैकेटों में रखा 109 किलो 235 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि गांजे की यह खेप ओडिशा से बिहार ले जाई जा रही थी। मामले में पुलिस ने बक्सर, बिहार निवासी योगीराज को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। वहीं, पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस की इस कार्रवाई से नशा तस्करी से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। अधिकारियों का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।





