
सूरजपुर में मंत्री, विधायक, कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने हेलमेट पहनकर निकाली रैली, सड़क सुरक्षा का दिया मजबूत संदेश।
जनप्रतिनिधियों, युवाओं, पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों और नगरवासियों ने उत्साहपूर्वक की सहभागिता।
सूरजपुर :– सड़क सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने, दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित करने तथा सड़क दुर्घटना में घायलों की त्वरित सहायता कर अमूल्य जीवन बचाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं सूरजपुर पुलिस द्वारा मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026 को भव्य हेलमेट रैली निकाली गई। ’’‘दौड़ेगा सूरजपुर, जीतेगा सूरजपुर’’’ की शानदार थीम पर आयोजित इस रैली में स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े, प्रेमनगर विधायक श्री भुलन सिंह मरावी, जिलाध्यक्ष श्री मुरली मनोहर सोनी, कलेक्टर श्रीमती रेना जमील, पुलिस अधीक्षक श्री योगेश कुमार पटेल, श्री बाबूलाल अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, युवाओं, पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों और नगरवासियों ने भाग लेकर सड़क सुरक्षा का सशक्त संदेश दिया।
माननीय मंत्रियों ने हरी झंडी दिखाकर किया हेलमेटर रैली को किया रवाना।
राजमोहनी माता चौक से साधुराम सेवाकुंज तक निकाली गई हेलमेट रैली को स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल एवं महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में शामिल जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस बल और नागरिकों ने हेलमेट धारण कर आमजन को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया। रैली को देखकर शहरवासियों के बीच भी सड़क सुरक्षा और हेलमेट की अनिवार्यता को लेकर सकारात्मक संदेश पहुंचा।
हेलमेट पहनें, सुरक्षित रहें और दूसरों को भी करें जागरूक।
रैली का प्रमुख उद्देश्य नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना, दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट धारण करने की आदत विकसित करना तथा सड़क दुर्घटनाओं में गंभीर चोट और मृत्यु की आशंका को कम करना रहा। साथ ही दुर्घटना में घायल व्यक्ति को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने और गोल्डन ऑवर के दौरान अस्पताल पहुंचाने के महत्व पर भी जोर दिया गया, ताकि समय पर उपचार मिलने से घायल की जान बचाई जा सके।
स्वास्थ्य मंत्री ने की जिला प्रशासन एवं पुलिस की पहल की सराहना।
स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने जिला प्रशासन एवं पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए इस तरह के आयोजन बेहद महत्वपूर्ण हैं। हेलमेट पहनकर दोपहिया वाहन चलाने से दुर्घटना के दौरान सिर में गंभीर चोट लगने के जोखिम को कम किया जा सकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस अभियान से नागरिकों में हेलमेट धारण करने और यातायात नियमों का पालन करने के प्रति जागरूकता बढ़ेगी तथा लोग अपनी और दूसरों की सुरक्षा के प्रति अधिक जिम्मेदार बनेंगे।
सुरक्षित सूरजपुर के लिए सामूहिक संकल्प।
हेलमेट रैली ने यह संदेश दिया कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन और पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। यातायात नियमों का पालन, हेलमेट का नियमित उपयोग, दुर्घटनाग्रस्त व्यक्तियों की त्वरित सहायता और जिम्मेदारीपूर्वक वाहन चलाने जैसे छोटे-छोटे प्रयास अनेक जिंदगियां बचा सकते हैं। जनप्रतिनिधियों, प्रशासन, पुलिस और आम नागरिकों की व्यापक सहभागिता ने ’’‘दौड़ेगा सूरजपुर, जीतेगा सूरजपुर’’’ की थीम को सार्थक बनाते हुए सुरक्षित एवं जागरूक सूरजपुर का संदेश दिया।



