छत्तीसगढ़सूरजपुर

लाखों का मरम्मत बजट पानी में? महानदी पुल पर तालाबनुमा गड्ढे, बांकी पुल पर सरिया बनी खतरा

Spread the love

भैंसामुंडा के महानदी पुल पर तालाबनुमा गड्ढे, बांकी नदी पुल की सड़क भी छलनी, राहगीरों के लिए बढ़ा हादसे का खतरा

सूरजपुर/प्रतापपुर :– जिले के विकासखंड प्रतापपुर अंतर्गत प्रमुख मार्गों पर स्थित भैंसामुंडा महानदी पुल और प्रतापपुर-अंबिकापुर मार्ग के बांकी नदी पुल की बदहाल स्थिति राहगीरों के लिए मुसीबत बन गई है। दोनों पुलों की सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। कई स्थानों पर गड्ढों के बीच पुल की लोहे की छड़ें बाहर निकल आई हैं, जिससे वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है।       महानदी पुल पर गड्ढों में भर रहा पानी।

भैंसामुंडा-बनारस मुख्य मार्ग पर स्थित महानदी पुल पर जगह-जगह तालाबनुमा गड्ढे बन गए हैं। बारिश होने के बाद इनमें पानी भर जाने से गड्ढों की गहराई दिखाई नहीं देती। ऐसे में बड़े-बड़े वाहनों तथा दोपहिया वाहन चालकों के लिए स्थिति और खतरनाक हो जाती है। सामने से आने वाले वाहनों को बचाने के दौरान गड्ढों में वाहन फंसने और अनियंत्रित होने का खतरा बना रहता है।        स्थानीय ग्रामीणों और व्यापारियों के अनुसार, पुल से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं। जर्जर सड़क और गड्ढों के कारण आए दिन वाहन चालक परेशान होते हैं। ग्रामीणों ने पुल की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है।

लाखों खर्च के बाद फिर वही स्थिति।

ग्रामीणों का कहना है कि कुछ माह पहले लोक निर्माण विभाग द्वारा महानदी पुल की मरम्मत पर लाखों रुपये खर्च किए गए थे। इसके बावजूद कम समय में सड़क फिर से खराब हो गई और गड्ढे दिखाई देने लगे। ग्रामीणों ने मरम्मत कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए इसकी तकनीकी जांच कराने की मांग की है।

ग्रामीणों का आरोप है कि यदि मरम्मत कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से कराया गया होता तो इतनी जल्दी पुल की सड़क की स्थिति खराब नहीं होती। हालांकि,

बांकी नदी पुल भी गड्ढों से छलनी।

वहीं प्रतापपुर-अंबिकापुर मुख्य मार्ग पर स्थित बांकी नदी पुल की हालत भी खराब बताई जा रही है। पुल पर जगह-जगह गड्ढे बने हुए हैं और कई स्थानों पर सड़क क्षतिग्रस्त होने के कारण सरिया बाहर निकल आया है। तेज रफ्तार में गुजरने वाले वाहनों के लिए यह स्थिति गंभीर खतरा पैदा कर सकती है।

दोनों प्रमुख मार्गों के पुलों की खराब हालत को लेकर ग्रामीणों और राहगीरों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि पुलों की स्थिति लंबे समय से परेशानी का कारण बनी हुई है, लेकिन स्थायी समाधान की दिशा में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो रही है।

बड़े हादसे से पहले हो मरम्मत।

ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से महानदी एवं बांकी नदी पुलों का तत्काल तकनीकी निरीक्षण कराने की मांग की है। साथ ही क्षतिग्रस्त हिस्सों की गुणवत्तापूर्ण मरम्मत कराने और बाहर निकले सरियों को सुरक्षित तरीके से ठीक कराने की मांग की गई है।

लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भरने से खतरा और बढ़ जाता है। ऐसे में किसी बड़े हादसे का इंतजार करने के बजाय विभाग को समय रहते दोनों पुलों की मरम्मत कराकर आवागमन सुरक्षित करना चाहिए।

Fareed Khan

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Verified by MonsterInsights