छत्तीसगढ़बलरामपुर-रामानुजगंजसरगुजा

शिक्षक से 10 हजार की कथित वसूली, यूट्यूबर दीपक यादव समेत 3 गिरफ्तार

Spread the love

हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत खारिज, कोर्ट में आत्मसमर्पण के बाद पुलिस ने भेजा जेल

बलरामपुर/रामानुजगंज :– शासकीय शिक्षक को कथित तौर पर धमकाकर 10 हजार रुपये की मांग करने और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर बदनाम करने के मामले में चर्चित यूट्यूबर दीपक यादव समेत तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने के बाद तीनों आरोपियों ने 14 अक्टूबर 2026 को न्यायालय में आत्मसमर्पण किया। इसके बाद पुलिस ने विधिवत गिरफ्तार कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

फाउंडेशन के नाम पर मांगे जा रहे थे पैसे

पुलिस के अनुसार, मामला जिले के पस्ता थाना क्षेत्र के शासकीय प्राथमिक शाला पुटसु का है। यहां पदस्थ सहायक शिक्षक एवं प्रभारी प्रधान पाठक रुकमण बारीक ने शिकायत दर्ज कराई थी कि यूट्यूबर दीपक यादव और उसके सहयोगियों द्वारा फाउंडेशन के नाम पर उनसे 10 हजार रुपये की मांग की जा रही थी।
शिकायत के मुताबिक, 25 अगस्त 2026 को दोपहर करीब एक बजे आरोपी श्रवण यादव और सूर्या यादव विद्यालय पहुंचे और बिना अनुमति वीडियो बनाने लगे। इस दौरान शिक्षक के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किया गया। आरोप है कि पैसे नहीं देने पर वीडियो को यूट्यूब और फेसबुक पर वायरल कर नौकरी से निलंबित करवाने तथा सामाजिक प्रतिष्ठा धूमिल करने की धमकी दी गई।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने का आरोप

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि यूट्यूबर दीपक यादव ने अपने साथियों के साथ मिलकर वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित किया, जिससे उनकी व्यक्तिगत और सामाजिक प्रतिष्ठा के साथ विद्यालय की छवि को भी नुकसान पहुंचा।
शिकायत के आधार पर थाना पस्ता में अपराध क्रमांक 44/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 221, 351(2), 308(2), 356(3) और 3(5) के तहत विवेचना शुरू की गई।

वीडियो और फोटो से जुड़े साक्ष्य जब्त

विवेचना के दौरान पुलिस ने शिकायतकर्ता और गवाहों के बयान दर्ज किए। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो और फोटो के स्क्रीनशॉट से संबंधित पेन ड्राइव जब्त की गई। शिक्षक की नियुक्ति और पदस्थापना से जुड़े दस्तावेज भी एकत्र किए गए।

मामले के मुख्य आरोपी दीपक यादव ने बिलासपुर हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत के लिए याचिका दायर की थी, जिसे न्यायालय ने खारिज कर दिया। इसके बाद तीनों आरोपियों ने न्यायालय में आत्मसमर्पण किया। पुलिस ने न्यायालय से अनुमति लेकर उन्हें गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
ये तीन आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में यूट्यूबर दीपक यादव(23 वर्ष), निवासी ग्राम टांगरमहरी, थाना बलरामपुर; श्रवण यादव (34 वर्ष), निवासी ग्राम पुटसु, थाना पस्ता; और सूर्या यादव (20 वर्ष), निवासी इंदिरा गांधी वार्ड क्रमांक-4, बलरामपुर शामिल हैं।

बलरामपुर पुलिस की अपील

बलरामपुर पुलिस ने आम नागरिकों से सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि किसी की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने वाली सामग्री की सत्यता जांचे बिना उसे प्रसारित नहीं करना चाहिए। किसी भी प्रकार की अवैध मांग या धमकी मिलने पर तत्काल नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज करानी चाहिए।

Fareed Khan

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Verified by MonsterInsights