
अंबिकापुर :– शासकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में एक बार फिर स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। सोनोग्राफी जांच के लिए मरीजों और उनके परिजनों को दो से तीन दिन तक इंतजार करना पड़ रहा है। लंबे इंतजार और समय पर जांच नहीं होने से नाराज परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया और प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताई।
जानकारी के अनुसार मेडिकल कॉलेज अस्पताल में सोनोग्राफी मशीन और रेडियोलॉजिस्ट उपलब्ध होने के बावजूद मरीजों की जांच समय पर नहीं हो पा रही है। आरोप है कि सोनोग्राफी करने वाले डॉक्टर निजी अस्पताल में भी सेवाएं दे रहे हैं, जिसके कारण मेडिकल कॉलेज अस्पताल में नियमित रूप से जांच नहीं हो पा रही। इसका खामियाजा दूर-दराज से इलाज कराने पहुंचे मरीजों को भुगतना पड़ रहा है।
परिजनों का कहना है कि डॉक्टरों द्वारा जांच के लिए पर्ची लिखने के बाद भी उन्हें दो से तीन दिन बाद की तारीख दी जा रही है। कई मरीज दर्द और गंभीर बीमारी की स्थिति में घंटों नहीं बल्कि कई दिनों तक अस्पताल के चक्कर लगाने को मजबूर हैं। ऐसे में जिनकी आर्थिक स्थिति ठीक है, वे मजबूरी में निजी सोनोग्राफी केंद्रों का रुख कर रहे हैं, जबकि गरीब मरीज इंतजार करने को विवश हैं।
अस्पताल में बढ़ती अव्यवस्था को लेकर मरीजों और उनके परिजनों ने प्रबंधन के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि आए दिन अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही के कारण मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है और समय पर जांच व इलाज नहीं मिलने से उनकी मुश्किलें और बढ़ जाती हैं।
फिलहाल अस्पताल प्रबंधन की ओर से इस पूरे मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। मरीजों और परिजनों ने व्यवस्था में सुधार करते हुए नियमित सोनोग्राफी सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है।





