
सूरजपुर/सरस्वतीपुर :– सूरजपुर जिले के ग्राम सरस्वतीपुर में बदहाल सड़क के खिलाफ ग्रामीणों का गुस्सा आखिरकार सड़क पर उतर आया। वर्षों से जर्जर सड़क और हर बरसात में होने वाले जलभराव से परेशान ग्रामीणों ने इस बार अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन करते हुए सड़क पर भरे पानी में धान की रोपाई कर प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने की कोशिश की।
भाजपा नेता दुर्गा गुप्ता और उपसरपंच गोवर्धन राम केवट के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है। बारिश के दिनों में पूरी सड़क तालाब का रूप ले लेती है, जिससे स्कूली बच्चों, किसानों और आम राहगीरों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण की मांग को लेकर कई बार प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन सौंपे गए, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई। लगातार अनदेखी से नाराज ग्रामीणों ने प्रतीकात्मक रूप से सड़क पर धान की रोपाई कर अपना विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सड़क निर्माण और जलनिकासी की व्यवस्था नहीं की गई, तो आंदोलन को और व्यापक एवं उग्र रूप दिया जाएगा। ग्रामीणों का यह अनोखा प्रदर्शन अब पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े कर रहा है।



