छत्तीसगढ़सरगुजा

मंत्री राजेश अग्रवाल ने बच्चों का तिलक कर बजाई स्कूल की घंटी, शाला प्रवेश उत्सव का शुभारंभ

Spread the love

शिक्षा ही सफलता का मूल मंत्र है, कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित ना रहे, प्रत्येक बच्चा नियमित रूप से विद्यालय आए, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करे- पर्यटन मंत्री श्री राजेश अग्रवाल

पर्यटन मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने बजाई विद्यालय की घण्टी, जिला स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव कार्यक्रम में बच्चों को तिलक लगाकर एवं मिठाई खिलाकर कराया प्रवेश

पाठ्यपुस्तकें, गणवेश, अध्ययन सामग्री का हुआ वितरण, छात्राओं को वितरित किए गए साइकिल

सेवानिवृत्त शिक्षकों एवं कर्मचारियों का हुआ सम्मान, मुख्यमंत्री गौरव अलंकरण पुरस्कार प्राप्त शिक्षक एवं उल्लास नवसाक्षर कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले वॉलेंटियर भी हुए सम्मानित

सरगुजा/अंबिकापुर :– समग्र शिक्षा शिक्षा विभाग द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 के अंतर्गत जिला स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन मंगलवार को अम्बिकापुर के पी.जी. कॉलेज ऑडिटोरियम में उत्साहपूर्वक किया गया । कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री श्री राजेश अग्रवाल उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मंत्री राजेश अग्रवाल ने स्वयं घण्टी बजाकर नवप्रवेशी बच्चों को शाला प्रवेश करवाया। इस दौरान नवप्रवेशी बच्चों का स्वागत तिलक लगाकर, पुष्पमाला पहनाकर, मिठाई खिलाकर किया गया।        कार्यक्रम में मंत्री श्री अग्रवाल ने कहा कि यहां बच्चों के बीच उपस्थित होकर और उनको तिलक लगाकर, मिठाई खिलाकर, हम अपने आप को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। यह हमारे बच्चों के सपनों, उनके उज्ज्वल भविष्य और शिक्षा का उत्सव है। शिक्षा ही वह माध्यम है जो समाज में कौशल, आत्मविश्वास और समृद्धि का मार्ग प्रशस्त करती है। शासन विभिन्न योजनाओं के माध्यम से प्रयासरत है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे, कोई बच्चा ड्रॉपआउट ना रहे। शिक्षा ही आज के समय में सफलता का मूल मंत्र है, इसके लिए हम सबको मिलकर काम करना होगा।        सरगुजा जैसे जनजाति बाहुल्य जिले में शिक्षा का महत्व और भी अधिक है, यहां पहाड़ी कोरवा समुदाय के जनजाति बच्चों को पुनः शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने का सराहनीय कार्य किया जा रहा है। हमारा उद्देश्य केवल बच्चों को नामांकन कराना नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना भी है कि प्रत्येक बच्चा नियमित रूप से विद्यालय आए, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करे और अपने सपनों को साकार करे। उन्होंने बच्चों को कहा कि विद्यालय केवल पढ़ाई का स्थान नहीं, बल्कि आपके व्यक्तित्व निर्माण की पाठशाला है। मन लगाकर पढ़ें, अपने माता-पिता, गुरुजनों और अपने जिले तथा प्रदेश का नाम रोशन करें। पालकों से आग्रह करते हुए उन्होंने कहा कि वे बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करें और बालक-बालिका दोनों को समान अवसर प्रदान करें। आइए हम सभी यह संकल्प लें कि सरगुजा जिले का कोई भी बच्चा विद्यालय से बाहर नहीं रहेगा, हम सब मिलकर शत-प्रतिशत नामांकन और नियमित उपस्थिति के लक्ष्य को प्राप्त करेंगे। उन्होंने बच्चों को उज्ज्वल भविष्य की बधाई दी।        छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर ने बच्चों को शिक्षा की ओर प्रेरित किया और उन्हें अच्छे से पढ़ाई करने की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव ने कहा कि इस प्रवेश उत्सव के माध्यम से हम नन्हें बच्चों में शाला जाने से पहले जो भय होता है, उसे भी दूर कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा स्कूलों में बेहतर शिक्षा सुविधा देने का कार्य किया जा रहा है।भारत सिंह सिसोदिया ने शिक्षकों से बच्चों को शिक्षा के साथ संस्कार देने की अपील की।         कलेक्टर अजीत वसंत ने बताया कि जिले में शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर कार्य किए जा रहे हैं। भवन विहीन विद्यालयों में भवन की स्वीकृति दी गई है, बच्चों का जाति प्रमाणपत्र निर्माण कराया गया है, पीवीटीजी बच्चों को अगली कक्षा में प्रवेश दिलाया गया है, मेडिकल और इंजीनियरिंग की पढ़ाई के लिए बच्चों को रायपुर में प्राइवेट कोचिंग संस्थानों में प्रवेश दिलाया गया है। उन्होंने बताया कि जिले में शिक्षकों की कमी नहीं है, इस हेतु अतिथि व्याख्याता की नियुक्ति की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रायमरी विद्यालय के शिक्षक एक महत्वपूर्ण कड़ी है, शिक्षक इन बच्चों पर अधिक से अधिक ध्यान दें, यह उनके भविष्य की नींव है, जब नींव मजबूत होगा तभी भविष्य अच्छा होगा। उन्होंने सभी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हम सब मिलकर शासकीय विद्यालयों का माहौल और बेहतर बनाएंगे, यही हमारा प्रयास रहेगा। जिला प्रशासन शिक्षा विभाग के साथ मिलकर शिक्षा के क्षेत्र में अच्छा कार्य करेगा। कार्यक्रम स्कूली बच्चों के द्वारा बनाई गई “दीवार पत्रिका” का विमोचन किया गया।       पाठ्यपुस्तक, गणवेश, अध्ययन सामग्री का किया गया वितरण-

शाला प्रवेशोत्सव के अवसर पर अतिथियों द्वारा कक्षा पहली, छठवीं एवं नवमी में प्रवेश लेने वाले नवप्रवेशी बच्चों को गणवेश, पाठ्यपुस्तकें, कॉपियां, बैग, अध्ययन सामग्री  सहित जरूरी शैक्षणिक सामग्री वितरित किए गए।       छात्राओं को साइकिल वितरण कर उज्जवल भविष्य की दी शुभकामनाएं-

आयोजित शाला प्रवेश उत्सव में मंत्री राजेश अग्रवाल ने शासन की साइकिल वितरण योजना के अंतर्गत पात्र 21 छात्राओं को साइकिल वितरित कर उन्हें बधाई एवं उज्ज्वल शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि साइकिल वितरण जैसी योजनाएं बालिकाओं की शिक्षा को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। यह योजना छात्राओं की शिक्षा को बढ़ावा देने तथा विद्यालय तक उनकी सुगम पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

मुख्यमंत्री गौरव अलंकरण पुरस्कार प्राप्त शिक्षकों का हुआ सम्मान-

कार्यक्रम में जिले के शिक्षा दूत पुरस्कार 2025-26 प्राप्त करने वाले 21 एवं ज्ञान दीप पुरस्कार 2025-26 प्राप्त करने वाले 03 शिक्षकों को सम्मानित किया गया। शिक्षकों को शॉल, श्रीफल भेंट कर अतिथियों द्वारा बधाई दी गई।

सेवानिवृत्त शिक्षकों एवं कर्मचारियों का हुआ सम्मान-

कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के सेवानिवृत्त होने वाले शिक्षकों एवं कर्मचारियों को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान उनके उज्ज्वल भविष्य एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना किया गया। विकासखण्ड अम्बिकापुर के शा.उ.मा.वि.पुलिस लाईन के प्राचार्य स्नेहलता सिन्हा, विकासखण्ड लखनपुर के शा.हाई स्कूल देवटिकरा के प्राचार्य जयप्रकाश दुबे, विकासखण्ड अम्बिकापुर के प्रा.शा. दर्रीपारा के प्रधान पाठक शुभाशीष मुखर्जी, विकासखण्ड अम्बिकापुर के प्रा.शा. नवानगर के प्रधान पाठक माया सिन्हा एवं विकासखण्ड लुण्ड्रा के मा.शा. चेउरपानी के भृत्य तसउवर हुसैन सम्मानित हुए।

उल्लास नवसाक्षर कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले वॉलेंटियर का भी हुआ सम्मान,ली गई साक्षरता शपथ-

उल्लास नवसाक्षर कार्यक्रम में समय सीमा में उल्लास सर्वे का कार्य पूरा करने वाले वॉलेंटियर को सम्मानित किया। इन्होंने असाक्षरों को साक्षर करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वहीं में कार्यक्रम में “उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम“ की शपथ भी दिलाई गई ।

कार्यक्र में अम्बिकापुर नगर निगम महापौर मंजूषा भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह, जिला पंचायत के उपाध्यक्ष देवनारायण यादव, नगर निगम अंबिकापुर के सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी,

पार्षद गण, स्थानीय जनप्रतिनिधि,कलेक्टर अजीत वसंत,संयुक्त संचालक संजय गुप्ता, जिला शिक्षा अधिकारी दिनेश झा, डीएमसी सर्वजीत पाठक सहित अन्य अधिकारी- कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे।

Fareed Khan

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Verified by MonsterInsights