छत्तीसगढ़सरगुजा

उदयपुर के जंगल में हाथी का आतंक, दंपति पर हमला, दोनों अस्पताल में भर्ती हुए

Spread the love

सरगुजा :– संभाग में हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला अंबिकापुर के उदयपुर क्षेत्र से सामने आया है, जहां जंगल में पुटू (जंगली मशरूम) बीनने गए पति-पत्नी पर हाथी ने हमला कर दिया। हमले में पति गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि जान बचाकर भाग रही पत्नी भी घायल हो गई। दोनों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

 

घटना उदयपुर वन परिक्षेत्र के भालूमाड़ा इलाके की है। जानकारी के अनुसार, पति-पत्नी रोजमर्रा की तरह जंगल में पुटू बीनने गए थे। इसी दौरान घने जंगल में अचानक उनका सामना एक जंगली हाथी से हो गया। हाथी ने बिना मौका दिए पति पर हमला बोल दिया और सूंड से उठाकर जमीन पर पटक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, पति को बचाने और अपनी जान बचाने के लिए भाग रही पत्नी भी गिरकर घायल हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल दंपति को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां दोनों का इलाज जारी है। घटना के बाद वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और इलाके में हाथी की मौजूदगी को देखते हुए ग्रामीणों को जंगल में जाने से बचने और विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है।

बारिश के मौसम में पुटू और अन्य वन उपज एकत्र करने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण जंगलों का रुख करते हैं। ऐसे समय में हाथियों की सक्रियता बढ़ने से मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं भी लगातार सामने आ रही हैं। इस घटना ने एक बार फिर जंगल से लगे गांवों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।

Fareed Khan

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Verified by MonsterInsights