
सूरजपुर/ओड़गी :– लगातार हो रही बारिश के चलते जिले के नदी-नाले उफान पर हैं। इसी बीच विकासखंड ओड़गी के ग्राम कर्री से एक वीडियो सामने आया है, जिसमें प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला के बच्चों को शिक्षक उफनते नाले को पार कराते नजर आ रहे हैं।
वीडियो में देखा जा सकता है कि तेज बहाव के बीच शिक्षक बच्चों की मदद करते हुए उन्हें एक-एक कर नाला पार करा रहे हैं। हालांकि वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सामने आए दृश्य बारिश के मौसम में ग्रामीण क्षेत्रों में स्कूली बच्चों के सामने मौजूद जोखिम और बुनियादी सुविधाओं की स्थिति पर सवाल खड़े कर रहे हैं।
ग्रामीणों के मुताबिक बारिश के दौरान नाले में पानी बढ़ जाने से आवागमन मुश्किल हो जाता है। ऐसे में छोटे बच्चों को स्कूल आने-जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। सवाल यह है कि जब नाला उफान पर हो तो बच्चों की सुरक्षा की जिम्मेदारी किसकी है?
वायरल वीडियो के बाद ग्रामीणों में चर्चा है कि प्रशासन को मामले का संज्ञान लेकर स्कूली बच्चों के सुरक्षित आवागमन के लिए स्थायी व्यवस्था करनी चाहिए, ताकि हर बारिश में बच्चों की जान जोखिम में न पड़े।





