
सूरजपुर/24 अगस्त 2026/* जिले में राजस्व विभाग के कार्यों एवं लंबित प्रकरणों की प्रगति की समीक्षा के लिए कलेक्टर श्रीमती रेना जमील की अध्यक्षता में राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी अनुविभागों एवं तहसीलों में लंबित राजस्व प्रकरणों की स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
कलेक्टर श्रीमती रेना जमील ने निर्देश दिए कि राजस्व प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निराकरण करना सर्वोच्च प्राथमिकता हो। उन्होंने कहा कि समय-सीमा से बाहर कोई भी प्रकरण लंबित नहीं रहना चाहिए। आम नागरिकों से सीधे जुड़े राजस्व मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को समय पर राहत मिल सके।
बैठक में कलेक्टर ने न्यायालयवार राजस्व प्रकरणों की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेते हुए नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, अभिलेख सुधार, भू-अर्जन, पट्टा वितरण , खसरा सत्यापन एवं अभिलेख दुरुस्तीकरण सहित विभिन्न राजस्व मामलों की समीक्षा की। उन्होंने लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। किसान पंजीयन को लेकर धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए सुधार के निर्देश दिए।
बैठक में अपर कलेक्टर, डिप्टी कलेक्टर, सभी एसडीएम, तहसीलदार एवं अन्य राजस्व अधिकारी उपस्थित रहे।





