छत्तीसगढ़सूरजपुर

वन विभाग की लापरवाही पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, NH पर 4 घंटे से चक्काजाम

Spread the love

प्रतापपुर/प्रतापपुर :– हाथी के हमले में ग्रामीण रामलाल की दर्दनाक मौत के बाद प्रतापपुर में ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा है। वन विभाग की कथित लापरवाही से आक्रोशित ग्रामीणों ने मृतक का शव एनएच पर रखकर सड़क जाम कर दी। करीब 4 घंटे से एनएच पर चक्काजाम जारी है और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर डटे हुए हैं।

ग्रामीणों का आरोप है कि हाथियों के लगातार बढ़ते आतंक के बावजूद वन विभाग की ओर से समय रहते ग्रामीणों को सतर्क करने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने में गंभीर लापरवाही बरती जा रही है। एक ग्रामीण की जान जाने के बाद अब ग्रामीण सड़क पर उतरकर प्रशासन और वन विभाग से जवाब मांग रहे हैं।

ग्रामीणों की प्रमुख मांगों में मृतक के परिवार को तत्काल उचित मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी तथा हाथियों के मूवमेंट की सूचना समय पर ग्रामीणों तक पहुंचाने के लिए मजबूत और प्रभावी व्यवस्था शामिल है।

ग्रामीणों का कहना है कि सिर्फ हादसे के बाद मुआवजा देने से जिम्मेदारी खत्म नहीं हो जाती। जंगल से सटे गांवों में लगातार हाथियों का खतरा बना हुआ है, ऐसे में वन विभाग को पहले से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करनी होगी, ताकि आगे किसी और परिवार को अपने सदस्य की जान न गंवानी पड़े।

फिलहाल एनएच पर आवागमन पूरी तरह प्रभावित है। ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं और प्रशासन तथा वन विभाग के अधिकारियों के रुख का इंतजार कर रहे हैं। अब सवाल यह है कि एक ग्रामीण की मौत के बाद प्रशासन कब जागेगा और क्या ग्रामीणों की मांगों पर ठोस कार्रवाई होगी, या फिर आश्वासन देकर मामला शांत कराने की कोशिश की जाएगी?

Fareed Khan

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Verified by MonsterInsights