
सूरजपुर :– जिले में अवैध जुआ और सट्टा गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सूरजपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम नयनपुर के बास बाड़ी क्षेत्र में संचालित जुआ फड़ पर दबिश देकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नगदी, दो मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन सहित कुल ₹1,08,335 मूल्य की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस को 28 जून को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नयनपुर के बास बाड़ी क्षेत्र में कुछ लोग सार्वजनिक स्थान पर ताश के पत्तों से हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद थाना सूरजपुर पुलिस टीम स्वतंत्र गवाहों के साथ मौके पर पहुंची और चारों ओर से घेराबंदी कर कार्रवाई की।
पुलिस को देखकर कुछ लोग मौके से फरार हो गए, लेकिन पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए दो आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान देवराम राजवाड़े (30 वर्ष), निवासी भिरवगंज, जिला सूरजपुर तथा हितेश कुमार साहू (30 वर्ष), निवासी जयनगर, जिला कोरिया के रूप में हुई है।
जब्त सामग्री
नगद राशि – ₹51,335
होंडा शाइन मोटरसाइकिल (CG-15-CJ-2165) – अनुमानित कीमत ₹20,000
बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल (CG-29-A-2608) – अनुमानित कीमत ₹30,000
ओप्पो मोबाइल फोन – अनुमानित कीमत ₹7,000
बरामद संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत ₹1,08,335 बताई गई है।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 3(2) के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की। चूंकि मामला जमानतीय श्रेणी का था, इसलिए नियमानुसार सक्षम जमानतदार प्रस्तुत किए जाने पर दोनों आरोपियों को मुचलके पर रिहा कर दिया गया।
सूरजपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध जुआ, सट्टा, शराब एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस चौकी को दें। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।





