
सूरजपुर :– गुरुकुल पैरामेडिकल संस्थान से जुड़े छात्रों की शिकायत पर अब तक कार्रवाई नहीं होने को लेकर युवा कांग्रेस ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई है। युवा कांग्रेस के प्रेमनगर विधानसभा अध्यक्ष परमेश्वर राजवाड़े ने कोतवाली सूरजपुर पहुंचकर ज्ञापन सौंपते हुए मामले में शीघ्र अपराध पंजीबद्ध करने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया है कि 11 जून 2026 को गुरुकुल पैरामेडिकल के छात्रों द्वारा संस्थान के संचालक राम नेवाज साहू एवं प्राचार्या संध्या साहू के विरुद्ध शिकायत दर्ज कराई गई थी। आरोप है कि शिकायत के बाद भी आज तक न तो कोई अपराध पंजीबद्ध किया गया है और न ही छात्रों के बयान दर्ज किए गए हैं। इससे पीड़ित छात्र खुद को निराश और हताश महसूस कर रहे हैं।
युवा कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि संस्थान संचालक द्वारा लगातार फोन के माध्यम से छात्रों पर दबाव बनाया जा रहा है। साथ ही फर्जी तरीके से संस्था का संचालन कर ग्रामीण क्षेत्रों के गरीब एवं भोले-भाले छात्रों के साथ धोखाधड़ी किए जाने का आरोप भी लगाया गया है।
प्रेमनगर विधानसभा युवा कांग्रेस अध्यक्ष परमेश्वर राजवाड़े ने पुलिस प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष और न्यायोचित कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि सात दिनों के भीतर आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर गिरफ्तारी की कार्रवाई नहीं की जाती है, तो युवक कांग्रेस समस्त पीड़ित छात्रों के साथ उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
युवा कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि ऐसी स्थिति उत्पन्न होने पर उसकी संपूर्ण जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन की होगी। इस ज्ञापन के बाद गुरुकुल पैरामेडिकल से जुड़े मामले ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया है और अब सभी की निगाहें पुलिस प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।



