
अंबिकापुर:– मेडिकल कॉलेज अस्पताल के बाहर मंगलवार को अचानक ट्रांसफार्मर में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग लगते ही अस्पताल परिसर के बाहर लोगों की भीड़ जमा हो गई और कुछ देर के लिए आवागमन भी बाधित रहा।
मौके पर मौजूद हॉस्पिटल स्टाफ ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। जानकारी के मुताबिक करीब 5 अग्निशमन सिलेंडर खाली करने के बाद आग पर काबू पाया गया। प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही अस्पताल स्टाफ और स्थानीय लोगों की मदद से आग पूरी तरह नियंत्रित कर ली गई। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन ट्रांसफार्मर में आग लगने से कुछ समय के लिए क्षेत्र की बिजली व्यवस्था और यातायात प्रभावित रहा।





