
सरगुजा :– जिले में एक बार फिर हाथियों का दल सक्रिय हो गया है। जानकारी के मुताबिक कराई छापर और मतरिंगा जंगल क्षेत्र में करीब आधा दर्जन हाथियों का दल पहुंच गया है। हाथियों की मौजूदगी से आसपास के गांवों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
बताया जा रहा है कि लखनपुर और उदयपुर वन परिक्षेत्र के इलाकों में हाथियों की लगातार आवाजाही देखी जा रही है। स्थिति को देखते हुए वन विभाग अलर्ट मोड पर है और ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की गई है।
वन विभाग ने लोगों को खास तौर पर रात के समय जंगल और खेतों की ओर न जाने की सलाह दी है। साथ ही हाथियों की गतिविधियों पर वन अमला लगातार नजर बनाए हुए है।
ग्रामीणों को मुनादी और जागरूकता अभियान के माध्यम से सावधान किया जा रहा है ताकि किसी भी प्रकार की अनहोनी घटना से बचा जा सके। वन विभाग की टीम हाथियों को वापस जंगल की ओर भेजने के प्रयास में जुटी हुई है।
फिलहाल किसी प्रकार की जनहानि या संपत्ति नुकसान की सूचना नहीं है, लेकिन पूरे क्षेत्र में एहतियात बरती जा रही है।





