
सरगुजा/उदयपुर :– थाना क्षेत्र अंतर्गत लक्ष्मणगढ़ गांव में एक युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और सनसनी का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मृतक युवक की पहचान मुकेश के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवक ने बुधवार देर रात अपने ही घर के मयार (छत के अंदर बने हिस्से) में साफे के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह जब परिजनों ने उसे फंदे पर लटका देखा तो घर में चीख-पुकार मच गई। इसके बाद तत्काल घटना की सूचना उदयपुर पुलिस को दी गई।
प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि युवक पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में था। ग्रामीणों और आसपास के लोगों के अनुसार, मुकेश का पहले से एक युवती के साथ प्रेम संबंध था, लेकिन कुछ दिन पहले वह एक दूसरी लड़की के संपर्क में आ गया। बताया जा रहा है कि दूसरी लड़की नाबालिग है और 10वीं कक्षा की छात्रा है। इसी वजह से युवक लगातार तनाव और उलझन में रहने लगा था।
सूत्रों के मुताबिक, युवक दोनों प्रेम संबंधों को लेकर मानसिक दबाव महसूस कर रहा था। एक तरफ पुराना रिश्ता था तो दूसरी ओर नई प्रेमिका के साथ बढ़ती नजदीकियां, जिसके चलते वह काफी परेशान रहने लगा था। परिजनों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से उसका व्यवहार भी बदला-बदला नजर आ रहा था और वह काफी चुपचाप रहने लगा था।
घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक ने किन परिस्थितियों में इतना बड़ा कदम उठाया।
उदयपुर थाना पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।





