
अम्बिकापुर :– में मिलावटी खाद्य पदार्थों के कारोबार पर खाद्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1 क्विंटल संदिग्ध पनीर जब्त किया है। जानकारी के अनुसार रायपुर से प्रांजल बस के माध्यम से यह पनीर अम्बिकापुर बस स्टैंड पहुंचाया गया था, जहां संदेह के आधार पर खाद्य विभाग की टीम ने पुलिस सहायता केंद्र के सहयोग से कार्रवाई की।
बस स्टैंड पर पहुंचते ही अधिकारियों ने पनीर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में पनीर की गुणवत्ता संदिग्ध पाए जाने पर उसे जब्त कर लिया गया। खाद्य विभाग की टीम अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह पनीर किसके द्वारा भेजा गया था और स्थानीय स्तर पर इसे कौन बेचने या खरीदने वाला था।
फिलहाल पनीर की सप्लाई चेन से जुड़े लोगों की पहचान नहीं हो सकी है, लेकिन विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। इस घटना ने शहर में मिलावटी खाद्य पदार्थों के बढ़ते खतरे को लेकर चिंता बढ़ा दी है। खाद्य विभाग ने साफ किया है कि लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



