
सूरजपुर/चंदौरा :– दिनांक 21.12.2025 को ग्राम पटिया सरपंच रुद्र प्रसाद के द्वारा थाना चंदौरा में सूचना दी गई कि ग्राम पहिया (कोशाबूपारा) सल्यापहरी जंगल में घाट पेण्डारी जाने वाले रास्ता के किनारे एक अझात महिला का शव पड़ा है जिसके सिर पर एक भारी पत्थर रखा है जिससे चेहरा स्पष्ट प्रतीत नहीं हो रहा है। ऐसा प्रतीत हो रहा है कि कोई अज्ञात व्यक्ति द्वारा महिला के सिर पर पत्थर पटक कर हत्या कर दिया गया है। प्रार्थी की सूचना पर मर्ग क्रमांक 67/25 कायमी उपरांत अपराध क्रमांक 123/25 धारा 103 बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया।
मामले की सूचना पर डीआईजी व एसएसपी सूरजपुर श्री प्रशांत कुमार ठाकुर ने घटना स्थल से साक्ष्य संकलन कर मृतिका की पहचान सुनिश्चित कर आरोपी की पतासाजी कर जल्द पकड़ने के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन व डीएसपी अनूप एक्का के मार्गदर्शन में थाना चंदौरा पुलिस ने प्रकरण के अज्ञात मृतिका के पहचान व अज्ञात आरोपी के लगातार पतासाजी के दौरान दिनांक 27.12.2025 को अज्ञात मृतिका की पहचान रनिया पति स्व. हीरालाल उम्र 60 वर्ष ग्राम दुरती के तौर में होने पर उसके परिजनों एवं गवाहों से पूछताछ की गई।
विवेचना पर पाया गया कि मृतिका रनिया बाई के पति का वर्ष 2022 में देहांत हो गया था तथा कोई संतान नहीं था जिससे रनिया ग्राम डोमहत चंदौरा निवासी सौतेली नतनीन दामाद कमलेश चेचाम के घर आ जा कर रहती थी। प्रकरण में नई तकनीक से प्राप्त जानकारी के बाद संदेही कमलेश को पकड़ा गया जिससे प्रकरण के संबंध में बारीकी से पूछताछ करने पर जुर्म घटित करना स्वीकार करते हुए बताया कि रनिया बाई के द्वारा लेने बुलाने पर दिनांक 20.12.2025 के शाम को अपने मोटर सायकल उसके घर ग्राम दुरती गया जहां से रनिया बाई को लेकर वापस घर आने लगा तो रास्ता में रनिया द्वारा नशे की हालत में इसे और इसके पूरे खानदान को गाली-गलौज रास्ते में देते हुए पोंडी तक आने पर आवेश में आकर रनिया बाई को जान से मारने का मन बनाकर उसे घर न ले जाकर ग्राम दरहोरा, डोमहत, मायापुर होते हुए ग्राम पहिया से ग्राम घाटपेण्डारी जाने वाले रास्ता में ग्राम पहिया जंगल ले जाकर रनिया बाई को उसके साड़ी के पल्लू से गर्दन को कस कर हत्या कर दिया और शव को रोड किनारे गड्ढ़ा में ले जाकर मृतिका का पहचान छुपाने के इरादे से उसके सिर चेहरे पर एक भारी पत्थर को फेंक दिया और मृतिका का झोला मोबाईल लेकर अपने घर पास आकर घर के सामने मृतिका के मोबाईल सीम सहित व झोला को आग में जला दिया। आरोपी के निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मोटर सायकल, 1 मोबाईल व 1 भारी पत्थर जप्त कर साक्ष्य को छुपाना पाये जाने से प्रकरण में पृथक से धारा 238 बीएनएस जोड़ी जाकर आरोपी कमलेश चेचाम पिता बलराम सिंह उम्र 42 वर्ष ग्राम डोमहत खुटहनपारा थाना चन्दौरा को गिरफ्तार किया गया है। इस कार्यवाही में थाना प्रभारी चंदौरा मनोज सिंह, प्रधान आरक्षक शैलेष सिंह, भगवत दयाल पैंकरा, मनोज केरकेट्टा, आरक्षक अवधेश कुशवाहा, करन सिंह, शेखर मानिकपुरी, कमलेश यादय व शिवभजन राजवाडे सक्रिय रहे।





