
अंबिकापुर :– शहर में अनैतिक देह व्यापार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत महिला थाना अंबिकापुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। आकाशवाणी चौक क्षेत्र में संचालित देह व्यापार के एक संगठित नेटवर्क का खुलासा करते हुए पुलिस ने फरार चल रहे एक महिला सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में पूर्व में एक महिला आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है, जबकि शेष आरोपी घटना के बाद से फरार थे।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 10 नवंबर 2025 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आकाशवाणी चौक के पास एक मकान में युवतियों से अवैध रूप से देह व्यापार कराया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद महिला थाना अंबिकापुर में अपराध क्रमांक 17/2025 धारा 3, 4, 5 एवं 7 अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम 1956 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। कार्रवाई के दौरान मौके से एक महिला आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया था।
विवेचना के दौरान पुलिस को यह भी पता चला कि गिरफ्तार महिला का पति सुनील कुमार इस पूरे नेटवर्क में सक्रिय भूमिका निभा रहा था, जबकि उसका साथी हेमंत दास ग्राहकों की व्यवस्था करने और लड़कियों को लाने-ले जाने का काम करता था। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने संभावित ठिकानों पर दबिश देते हुए 13 दिसंबर 2025 को अंबिकापुर स्थित एक मकान से आरोपी सुनील कुमार, हेमंत दास तथा एक अन्य महिला को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद तीनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की आगे की विवेचना जारी है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी की जा रही है।





