
सरगुजा/सीतापुरप :– सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो ने आज सीतापुर रेस्ट हाउस में मीडिया से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने हाल ही में हुई चर्चित वंदना सामूहिक दुष्कर्म की घटना, पश्चिम बंगाल दौरे तथा अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए।
विधायक श्री टोप्पो ने वंदना सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि समाज में इस प्रकार की घटनाओं का कोई स्थान नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस जघन्य अपराध में शामिल सभी दोषियों के विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही उन्होंने सीतापुर विधानसभा की महिलाओं से अपील की कि वे अपनी सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें तथा अनजान व्यक्तियों के साथ जाने से बचें। उन्होंने यह भी कहा कि इसका अर्थ यह नहीं है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था कमजोर है, बल्कि सतर्कता ही सुरक्षा का सबसे बड़ा उपाय है।
विधायक ने आम नागरिकों से आग्रह किया कि यदि उन्हें किसी भी प्रशासनिक कार्यालय में अनावश्यक रूप से बार-बार चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, तो वे इसकी शिकायत सीधे विधायक कार्यालय में करें, जिससे समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जा सके।
घटना के संदर्भ में उन्होंने बताया कि वे लगातार प्रशासनिक अधिकारियों के संपर्क में रहे हैं तथा पीड़ित परिवार के साथ भी निरंतर संवाद बनाए हुए हैं। उन्होंने विपक्ष से अपील की कि ऐसे संवेदनशील मामलों में राजनीति से ऊपर उठकर सभी को मिलकर दोषियों को सजा दिलाने में सहयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि सत्ता और विपक्ष एकजुट होकर कार्य करें, तो यह समाज के लिए एक सकारात्मक उदाहरण स्थापित करेगा।
वहीं, पश्चिम बंगाल चुनावी दौरे का उल्लेख करते हुए विधायक श्री टोप्पो ने बताया कि उन्हें संगठन द्वारा केतु ग्राम विधानसभा की जिम्मेदारी सौंपी गई थी, जहां पार्टी को बेहतर परिणाम प्राप्त हुए। उन्होंने कहा कि वहां के भाजपा प्रत्याशी आनंदी घोष की जीत जनता द्वारा सुशासन के समर्थन का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किए जा रहे विकास कार्यों से प्रभावित होकर पश्चिम बंगाल की जनता ने सकारात्मक जनादेश दिया है।
उन्होंने पश्चिम बंगाल की जनता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जनादेश देश में सुशासन और विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।





