छत्तीसगढ़सूरजपुर

लटकते बिजली तार बनी खतरा, पैरा लदी ट्राली में लगी आग से मची अफरा-तफरी

Spread the love

सूरजपुर :– बिजली विभाग की लापरवाही एक बड़े हादसे का कारण बनते-बनते रह गई। बिश्रामपुर के पास शिवनंदनपुर में पैरा लेकर जा रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में बिजली के तार के संपर्क में आने से अचानक आग लग गई। हालांकि स्थानीय लोगों की सूझबूझ और तत्परता से आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ी जनहानि टल गई।

 

बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में बड़ी मात्रा में सूखा पैरा लदा हुआ था। इसी दौरान रास्ते में जमीन से कम ऊंचाई पर लटक रहे बिजली के नंगे तार के संपर्क में ट्रॉली आ गई। तार से निकली चिंगारी ने पैरा को अपनी चपेट में ले लिया और देखते ही देखते ट्रॉली धू-धू कर जलने लगी।

 

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल प्रयास कर आग बुझाने की कोशिश शुरू की और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझ जाने से किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि इलाके में कई जगह बिजली के तार काफी नीचे लटक रहे हैं, इसके बावजूद बिजली विभाग द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि खुले और निचाई पर लटक रहे बिजली के तार हर दिन दुर्घटनाओं को न्योता दे रहे हैं। इस घटना के बाद लोगों में बिजली विभाग के प्रति भारी नाराजगी देखी जा रही है। लोगों ने विभाग से तत्काल व्यवस्था सुधारने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन सवाल यह है कि आखिर कब तक खुले और नीचे लटकते बिजली के तार लोगों की जान के लिए खतरा बने रहेंगे? क्या विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है?

Fareed Khan

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Verified by MonsterInsights