छत्तीसगढ़सूरजपुर

सूरजपुर जिले में सभी चार्ज क्षेत्रों में जनगणना प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न

Spread the love

1819 प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को दिया गया प्रशिक्षण, 01 मई से प्रारंभ होगा मकानसूचीकरण एवं मकानों की गणना कार्य

सूरजपुर :– जनगणना कार्य निदेशालय छत्तीसगढ़, रायपुर द्वारा प्रगणक एवं सुपरवाईजर को प्रशिक्षण देने हेतु जारी समय-सूची के अनुसार सूरजपुर जिले में जिला कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी श्री एस. जयवर्धन के मार्गदर्शन में जिले के सभी चार्जों में प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। इस प्रशिक्षण में जिले द्वारा प्रशिक्षित फील्ड ट्रेनरों द्वारा अपने-अपने चार्ज में नियुक्त प्रगणक एवं सुपरवाईजर को जनगणना 2027 के प्रथम चरण में होने वाली मकानसूचीकरण एवं मकानों की गणना संबंधी विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

16 चार्जों में 1819 प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को मिला प्रशिक्षण

जिले के सभी 16 चार्जों में कुल प्रगणक रिजर्व सहित 1550 तथा कुल पर्यवेक्षक रिजर्व सहित 269 अर्थात् कुल 1819 प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों को जिले के 33 फील्ड ट्रेनर्स द्वारा प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान प्रगणक एवं सुपरवाईजर को उनके कार्य एवं दायित्व के विषय में विभिन्न उदाहरणों के माध्यम से गहन रूप से समझाया गया तथा डेमो के माध्यम से प्रायोगिक प्रशिक्षण भी दिया गया।

स्वतंत्र भारत की पहली डिजिटल जनगणना होगी जनगणना 2027

प्रशिक्षण के दौरान प्रगणकों को बताया गया कि जनगणना 2027 स्वतंत्र भारत की ऐसी पहली डिजिटल जनगणना होगी, जिसमें मोबाईल एप्प का उपयोग कर जनगणना के सभी 34 बिन्दुओं की जानकारी एकत्रित की जाएगी। इस जनगणना में देश के समस्त नागरिकों के लिए स्वगणना का प्रावधान भी किया गया है, जिसमें सामान्य नागरिक अपने परिवार की जनगणना संबंधी जानकारी वेब-पोर्टल के माध्यम से स्वयं भर सकेंगे। स्वगणना करने के पश्चात् उन्हें एक रिफ्रेंस नंबर प्राप्त होगा, जिसे प्रगणक द्वारा फील्ड विजिट के समय प्रगणक को बताना होगा।

01 मई से 30 मई तक चलेगा मकानसूचीकरण एवं मकानों की गणना कार्य

मकानसूचीकरण एवं मकानों की गणना कार्य छत्तीसगढ़ राज्य में 01 मई 2026 से 30 मई 2026 तक सम्पादित किया जाएगा। इस अवधि में प्रगणक घर-घर जाकर सभी आवश्यक जानकारी अपने मोबाईल एप्प के माध्यम से संग्रहित करेंगे। प्रगणकों को अपने कार्य के प्रथम 03 दिवस के भीतर मकानसूचीकरण ब्लॉक का नजरी नक्शा तैयार करना होगा, जिससे वे जनगणना कार्य को बिना किसी चूक एवं दोहराव के सभी मकानों की गणना सुनिश्चित कर सकेंगे।

आमजन से सहयोग की अपील

जिला प्रशासन द्वारा जिलेवासियों से अपील की गई है कि जनगणना 2027 के सफल क्रियान्वयन हेतु प्रगणकों को सही एवं सटीक जानकारी उपलब्ध कराकर इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में अपना सक्रिय सहयोग प्रदान करें।

Fareed Khan

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Verified by MonsterInsights