छत्तीसगढ़सरगुजा

अंबिकापुर की बदहाल सड़कों को मिलेगी राहत, मंत्री राजेश अग्रवाल ने दिया बड़ा अपडेट

Spread the love

अंबिकापुर :– शहर की लंबे समय से बदहाल मुख्य सड़कों को लेकर कैबिनेट मंत्री एवं स्थानीय विधायक राजेश अग्रवाल की प्रतिक्रिया सामने आई है। जर्जर सड़कों, जगह-जगह बने गड्ढों और बारिश के दौरान बढ़ती परेशानी के बीच मंत्री ने सड़क निर्माण को लेकर बड़ा अपडेट दिया है। उन्होंने कहा कि शहर की प्रमुख सड़कों के कायाकल्प की दिशा में प्रक्रिया आगे बढ़ चुकी है और जल्द ही लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।

जानकारी के अनुसार खरसिया चौक से दरिमा रोड, अग्रसेन चौक, महामाया चौक, गांधी चौक होते हुए रेलवे स्टेशन तक सड़क निर्माण का टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इस पूरे मार्ग के निर्माण और कायाकल्प को लेकर अब आगामी प्रक्रिया के बाद काम शुरू किया जाएगा।

मंत्री राजेश अग्रवाल के अनुसार सड़क निर्माण को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की ओर से कलेक्टर को भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि शासन स्तर से सड़क निर्माण को लेकर गंभीरता से काम किया जा रहा है और अधिकारियों को भी आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

हालांकि, वर्तमान समय में बारिश के कारण सड़क निर्माण में व्यावहारिक दिक्कतें सामने आ रही हैं। लगातार बारिश के बीच निर्माण कार्य शुरू होने से सड़क की स्थिति और खराब होने तथा आवागमन प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए फिलहाल लोगों को तत्काल राहत देने की व्यवस्था पर जोर दिया जा रहा है। मंत्री ने अधिकारियों को बारिश के दौरान वैकल्पिक व्यवस्था और जरूरी मरम्मत कार्य तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए हैं, ताकि आम लोगों को आवागमन में कम से कम परेशानी हो।

बताया गया है कि बारिश का दौर खत्म होने के बाद शहर की मुख्य सड़कों के निर्माण और कायाकल्प का काम गति पकड़ सकता है। लंबे समय से सड़क की बदहाली झेल रहे शहरवासियों की नजर अब इस बात पर टिकी है कि टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद जमीनी स्तर पर निर्माण कार्य कब शुरू होता है और लोगों को कब स्थायी राहत मिलती है।

गौरतलब है कि अंबिकापुर की प्रमुख सड़कों की खराब स्थिति को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं। बारिश के मौसम में गड्ढों और जलभराव के कारण दोपहिया वाहन चालकों के साथ-साथ पैदल चलने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे में सड़क निर्माण की प्रक्रिया पूरी होने की जानकारी से लोगों में उम्मीद जरूर जगी है।

अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि सालों से जर्जर सड़कों की समस्या झेल रहे अंबिकापुरवासियों को स्थायी राहत आखिर कब मिलेगी? बारिश के बाद प्रस्तावित निर्माण कार्य कितनी तेजी से शुरू होता है और सड़कें कब तक बेहतर स्थिति में लौटती हैं, यह आने वाला समय बताएगा।

Fareed Khan

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Verified by MonsterInsights