
बतौली थाना क्षेत्र के मानपुर बस्ती की घटना, पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जांच शुरू..
सरगुजा/बतौली :– बतौली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत मानपुर बस्ती में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब बस्ती के बीच स्थित एक कुएं में एक छात्रा का शव बरामद हुआ। शव मिलने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए।
घटना की सूचना मिलते ही बतौली थाना पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कुएं से बाहर निकलवाने की कार्रवाई करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक तौर पर छात्रा की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। मामला हादसा है, आत्महत्या है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
पुलिस द्वारा घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं तथा आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। छात्रा की पहचान और घटना से जुड़ी अन्य जानकारी पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल छात्रा की मौत को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है।





