
सरगुजा/उदयपुर :– वन परिक्षेत्र के ससाकालो-जुगमा जंगल में बुधवार दोपहर हाथी के हमले से 60 वर्षीय बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गया। जंगल का रास्ता बेहद दुर्गम होने के कारण ग्रामीणों और वनकर्मियों ने घायल बुजुर्ग को खाट के सहारे जंगल से बाहर निकाला, जिसके बाद वन विभाग के वाहन से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उदयपुर पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार ससाकालो लिपिंगी निवासी बिशुन पिता दसरू मझवार (60) बुधवार को साइकिल से लक्ष्मणगढ़ की ओर से ससाकालो-जुगमा जंगल की तरफ एक वैद्य से मिलने जा रहा था। इसी दौरान दोपहर करीब 2 से 3 बजे के बीच जंगल में अचानक उसका सामना हाथी से हो गया। हाथी ने बुजुर्ग पर हमला कर दिया, जिससे उसके सीना, पैर, चेहरे और हाथ में गंभीर चोटें आईं।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों के साथ वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। जंगल के भीतर घायल बुजुर्ग तक पहुंचने के बाद उसे बाहर निकालना बड़ी चुनौती बन गया। ग्रामीणों और वनकर्मियों ने खाट के सहारे उसे उठाकर काफी मशक्कत के बाद जंगल से बाहर निकाला। इसके बाद वन विभाग के वाहन से घायल को सीएचसी उदयपुर ले जाकर भर्ती कराया गया।
चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए ऑक्सीजन सपोर्ट पर जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। वहीं, वन विभाग की ओर से घायल के परिजनों को तत्काल सहायता राशि भी उपलब्ध कराई गई है।
हाथियों की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत
क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से हाथियों का लगातार विचरण बना हुआ है। हाथियों की मौजूदगी से जंगल से लगे गांवों में दहशत का माहौल है। वन विभाग द्वारा संभावित हाथी विचरण क्षेत्रों और आसपास के गांवों में लगातार मुनादी कर ग्रामीणों को जंगल में जाने से बचने तथा हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की समझाइश दी जा रही है।
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि हाथियों के विचरण वाले क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से प्रवेश न करें और मुनादी के जरिए जारी चेतावनियों का गंभीरता से पालन करें, ताकि जान-माल के नुकसान की घटनाओं को रोका जा सके।





