
सर्व आदिवासी समाज सड़क पर उतरा, उपसरपंच के पति पर कार्रवाई नहीं होने से फूटा गुस्सा
अंबिकापुर :– 15 वर्षीय नाबालिग आदिवासी छात्रा से कथित दुष्कर्म के आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज सर्व आदिवासी समाज ने बुधवार को पुलिस अधीक्षक (SP) कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि मामले में नामजद आरोपी, जो एक उपसरपंच का पति बताया जा रहा है, के खिलाफ अब तक पुलिस ने गिरफ्तारी नहीं की है, जिससे समाज में भारी आक्रोश है।
आक्रोशित लोगों ने एसपी कार्यालय के बाहर सड़क पर बैठकर प्रदर्शन किया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि यदि पीड़िता को समय पर न्याय नहीं मिला और आरोपी को जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
सर्व आदिवासी समाज के पदाधिकारियों ने पुलिस पर कार्रवाई में देरी का आरोप लगाते हुए कहा कि कानून सभी के लिए समान होना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आरोपी की जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो जिलेभर में व्यापक आंदोलन किया जाएगा।
फिलहाल प्रदर्शन के दौरान पुलिस बल मौके पर तैनात रहा और अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर मामले में नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया। मामले को लेकर क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।





