
सूरजपुर :– शहर के कोतवाली थाना के सामने बुधवार शाम एक तेज रफ्तार से आ रही कार ओवरटेक करने के दौरान अनियंत्रित होकर सड़क के बीच बने डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के सामने का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और वाहन के एयरबैग तत्काल खुल गए। एयरबैग खुलने से कार सवार कई लोगों की जान बच गई, हालांकि हादसे में कई लोग घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार में लगभग 8 से 9 लोग सवार थे, जिनमें एक छोटा बच्चा भी शामिल था। हादसे में एक महिला के जबड़े में गंभीर चोट आने की आशंका जताई जा रही है। इसके अलावा बच्चे सहित 3 से 4 महिलाओं को भी चोटें आई हैं। कुछ अन्य यात्रियों को हल्की चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद सुरक्षित बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार सभी लोग बैकुंठपुर से सूरजपुर के करमपुर गांव धान रोपाई के लिए अपने रिश्तेदारों के साथ आ रहे थे। बताया जा रहा है कि रास्ते में चालक ने एक अन्य वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश की। इसी दौरान कार का संतुलन बिगड़ गया और वह तेज गति से डिवाइडर से जा भिड़ी। टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके की ओर दौड़ पड़े।
हादसे के बाद कुछ देर के लिए घटनास्थल पर लोगों के भीड़ से सड़क में जाम भी देखने को मिला, स्थानीय लोगों और पुलिस ने तुरंत कार में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और ओवरटेक के दौरान वाहन से नियंत्रण खोना दुर्घटना का कारण माना जा रहा है। हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।
इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर कर दिया है। समय रहते एयरबैग खुल जाने बड़ा हादसा टल गया, लेकिन इस घटना ने सड़क सुरक्षा को लेकर कई सवाल भी खड़े कर दिए हैं, सूरजपुर के सड़क में मवेशियों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे दुर्घटना का आशंका हमेशा बना रहता।





