छत्तीसगढ़सूरजपुर

जर्जर सड़कों पर कांग्रेस का चक्का जाम, सरकार-PWD के खिलाफ जमकर हल्ला बोल

Spread the love

सूरजपुर :– जिले की जर्जर और बदहाल सड़कों के विरोध में बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए बाईपास मार्ग पर चक्का जाम किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष शशि सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने राज्य सरकार, लोक निर्माण विभाग (PWD) और भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर सड़क मरम्मत की मांग उठाई।

चक्का जाम के कारण कुछ समय के लिए बाईपास मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। स्थिति को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात रहा और यातायात व्यवस्था को नियंत्रित किया गया।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि जिले की कई प्रमुख सड़कें लंबे समय से जर्जर अवस्था में हैं, लेकिन संबंधित विभाग मरम्मत को लेकर गंभीर नहीं है। उनका कहना था कि खराब सड़कों के कारण लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिनमें कई लोगों की जान जा चुकी है और अनेक लोग घायल हुए हैं। इसके बावजूद प्रशासन और जिम्मेदार विभाग प्रभावी कार्रवाई करने में असफल रहे हैं।

कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष जफर हैदर ने कहा कि यह आंदोलन किसी राजनीतिक लाभ के लिए नहीं, बल्कि आम जनता की सुरक्षा और जनहित के लिए किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जिला प्रशासन और लोक निर्माण विभाग ने शीघ्र सड़क मरम्मत का कार्य शुरू नहीं किया तो कांग्रेस चरणबद्ध तरीके से और उग्र आंदोलन करेगी।

कांग्रेस ने जिले की सभी जर्जर सड़कों की तत्काल मरम्मत, सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम तथा दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए समयबद्ध कार्रवाई की मांग की है। साथ ही स्पष्ट किया कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को पूरे जिले में व्यापक रूप दिया जाएगा।

Fareed Khan

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Verified by MonsterInsights