
अंबिकापुर/सूरजपुर :– सूरजपुर के नेहरू पार्क में बालिका पर हुए जानलेवा चाकू हमले ने आखिरकार एक दर्दनाक मोड़ ले लिया। गंभीर रूप से घायल ग्राम लाटोरी भांदरपारा निवासी राधिका राजवाड़े की मेडिकल कॉलेज अस्पताल, अंबिकापुर में उपचार के दौरान मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि रविवार रात करीब 8 बजे एक अज्ञात युवक ने राधिका के गले पर चाकू से हमला कर दिया था। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बाइक से मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद गंभीर हालत में राधिका को पहले जिला अस्पताल सूरजपुर लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर किया गया था। लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है। हमले के पीछे की वजह का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।





