छत्तीसगढ़सूरजपुर

विद्यालय की गरिमा शर्मसार! प्रधानपाठक नशे में गाली–गलौज का वीडियो वायरल…

Spread the love

ग्रामीणों ने की निलंबन और विभागीय जांच की मांग, शिक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

सूरजपुर :– जिले के ग्राम पंचायत साल्ही के खोरखोरी पारा स्थित प्राथमिक विद्यालय में पदस्थ प्रधानपाठक हरिनंदन सिंह मरकाम पर विद्यालय में कथित रूप से शराब के नशे में पहुंचकर बच्चों के सामने अभद्र भाषा और गाली-गलौज करने का आरोप लगा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है और ग्रामीणों ने शिक्षक के विरुद्ध कड़ी विभागीय कार्रवाई की मांग की है।         ग्रामीणों के अनुसार, शिक्षक कथित रूप से नशे की हालत में स्कूल पहुंचे और बच्चों के साथ अपशब्दों का प्रयोग करने लगे। इसकी सूचना मिलते ही गांव के लोग विद्यालय पहुंचे। ग्रामीणों का दावा है कि जब उन्होंने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाना शुरू किया, तब भी शिक्षक लगातार अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते रहे। वायरल वीडियो में भी शिक्षक और ग्रामीणों के बीच तीखी बहस होती दिखाई दे रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि जिस शिक्षक के हाथों में बच्चों का भविष्य सुरक्षित होना चाहिए, यदि वही विद्यालय परिसर में इस प्रकार का व्यवहार करेगा तो शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगना स्वाभाविक है। अभिभावकों ने कहा कि ऐसे माहौल में बच्चों पर गलत मानसिक प्रभाव पड़ता है और विद्यालय की गरिमा भी प्रभावित होती है।

ग्रामीणों ने जिला शिक्षा अधिकारी एवं प्रशासन से मांग की है कि वायरल वीडियो की निष्पक्ष जांच कराई जाए। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित शिक्षक के विरुद्ध तत्काल निलंबन सहित कठोर विभागीय कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

हालांकि, समाचार लिखे जाने तक शिक्षा विभाग की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था। शिक्षक के नशे में होने की पुष्टि जांच या चिकित्सीय परीक्षण के बाद ही हो सकेगी।

Fareed Khan

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Verified by MonsterInsights