
सूरजपुर – 04.07.2024 सूरजपुर में प्रशासनिक गुंडागर्दी देखने को मिली है. जहां समाचार कवरेज करने के दौरान एक पत्रकार को एसडीएम लात डंडे से मारे जिसका वीडियो भी सामने आया है. जिसके बाद एसडीएम के खिलाफ लोगों के साथ पत्रकारों का गुस्सा फूट पड़ा, लोगों ने कोतवाली थाने के बाहर नारे लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किये।

SDM ने पत्रकार पर बोला हमला:
दरअसल सूरजपुर में कुछ एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने लोकनिर्माण विभाग में हुए अनियमितताओं को लेकर कलेक्टर कार्यालय का घेराव करने के लिए प्रशासन को आवेदन देकर सूचित किया गया था. जिसके बाद सूरजपुर एसडीएम जगरनाथ वर्मा के द्वारा उन कार्यकर्ताओं को थाने में बुलाकर मारपीट की जा रही थी. इसी दौरान पत्रकार अनवर खान वहां से गुजर रहे थे, उन्होंने इस घटना क्रम को अपने फोन में कैद करना शुरू कर दिया. बस यही बात एसडीएम साहब को इतनी नागवार गुजरी की उन्होंने पत्रकार पर ही हमला बोल दिया।
उचित कार्रवाई नहीं करने पर उग्र आन्दोलन की दी चेतावनी:
मारपीट से पत्रकार को कई जगह चोटें आई है साथ ही उनका मोबाइल भी लूट लिया. जिसमें सारे वीडियो कैद है जैसे ही यह बात मीडिया जगत में फैली वैसे ही मीडियाकर्मी सहित आम नागरिक थाने पहुंचे, और घटना से आक्रोशित लोगों ने एसडीएम के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।

मामले को देखते हुए जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री एम.आर. आहिरे मौके पर पहुंचे और उचित कार्यवाही का आश्वासन दिये, और इस आश्वासन के सहारे लोगों का प्रदर्शन शान्त हुआ, वहीं इस दौरान पूरा कोतवाली परिसर छावनी में तब्दील रहा. प्रदर्शन में कांग्रेसी सहित अन्य लोग भी शामिल रहे और उन्होंने कहा कि अगर प्रशासन उचित कार्रवाई नही करता है तो उग्र आन्दोलन किया जाएगा।





