
अंबिकापुर :– जिला न्यायालय ने 18 वर्ष पुराने भ्रष्टाचार के मामले में बड़ा फैसला सुनाते हुए तत्कालीन कृषि विभाग के सर्वेयर राकेश रमन सिंह उर्फ राकेश रंजन को दोषी करार दिया है। कोर्ट ने उन्हें तीन वर्ष के कठोर कारावास और 11 हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया है।
मामला उस समय का है जब राकेश रमन सिंह कृषि विभाग अंबिकापुर में सर्वेयर के पद पर पदस्थ थे। जांच के दौरान यह खुलासा हुआ था कि उन्होंने अपनी वैध आय से अधिक संपत्ति अर्जित की है। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की कार्रवाई में उनके पास आय से अधिक दो करोड़ 9 लाख 51 हजार रुपये की संपत्ति पाई गई थी।
आरोपी सर्वेयर राकेश रमन सिंह उर्फ राकेश रंजन, उस समय उप संचालक कृषि कार्यालय में मेड बंदी सर्वेयर के पद पर कार्यरत थे। आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में एंटी करप्शन ब्यूरो ने उनके खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
लंबी सुनवाई के बाद जिला न्यायालय ने उन्हें दोषी मानते हुए सजा सुनाई। इस फैसले को भ्रष्टाचार के मामलों में एक महत्वपूर्ण निर्णय माना जा रहा है।



