
सूरजपुर :– ग्राम पालदनौली ओड़गी में आज महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े की गरिमामय उपस्थिति में ’’पूरक पोषण आहार’’ यूनिट का शुभारंभ किया गया। इस यूनिट में मीठा शक्ति आहार एवं नमकीन पौष्टिक दलिया का निर्माण किया जाएगा तथा इसका संचालन राधे महिला स्वयं सहायता समूह पालदनौली ओड़गी द्वारा किया जाएगा।
इस अवसर पर मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने राधे महिला स्वयं सहायता समूह की दीदियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पूरक पोषण आहार यूनिट की स्थापना से बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं को नियमित रूप से गुणवत्तापूर्ण पोषण आहार उपलब्ध कराया जा सकेगा।
मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के ’’सुपोषित भारत’’ के संकल्प और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार कुपोषण उन्मूलन को सर्वाेच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि पालदनौली ओड़गी में इस यूनिट का शुभारंभ इस दिशा में एक ठोस एवं सार्थक पहल है।
मंत्री ने कहा कि इस यूनिट में तैयार होने वाला मीठा शक्ति आहार एवं नमकीन पौष्टिक दलिया स्थानीय पौष्टिक सामग्रियों से निर्मित होगा, जिससे आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से 6 माह से 6 वर्ष तक के बच्चों, गर्भवती महिलाओं एवं धात्री माताओं को ताजा एवं पोषक तत्वों से भरपूर आहार समय पर उपलब्ध हो सकेगा। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर उत्पादन होने से आहार की ताजगी एवं गुणवत्ता दोनों सुनिश्चित होंगी।
श्रीमती राजवाड़े ने राधे महिला स्वयं सहायता समूह की दीदियों की सराहना करते हुए कहा कि यह यूनिट महिला सशक्तिकरण का एक उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूह की दीदियां अब केवल लाभार्थी नहीं रहीं, बल्कि वे स्वयं उद्यमी बनकर समाज सेवा के साथ-साथ आत्मनिर्भरता की राह पर अग्रसर हो रही हैं। यह यूनिट न केवल बच्चों एवं माताओं के पोषण की जिम्मेदारी निभाएगी, बल्कि समूह की दीदियों को स्थायी आजीविका का साधन भी प्रदान करेगी।
इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्रामीणजन व संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।





