
कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में जिला स्तरीय क्विज प्रतियोगिता का हुआ आयोजन
सूरजपुर राज्य परियोजना कार्यालय समग्र शिक्षा रायपुर के तत्वाधान में कलेक्टर एवं जिला मिशन संचालक श्री एस. जयवर्धन एवं जिला परियोजना संचालक एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री विजेंद्र सिंह पाटले के निर्देशन में तथा जिला शिक्षा अधिकारी अजय कुमार मिश्रा एवं जिला मिशन समन्वयक श्री मनोज कुमार साहू के मार्गदर्शन में तथा सहायक परियोजना समन्वयक समग्र शिक्षा श्री शोभनाथ चौबे के नेतृत्व में जिला स्तरीय राष्ट्रीय अविष्कार अभियान के अंतर्गत विज्ञान एवं गणित विषयों पर आधारित क्विज प्रतियोगिता का सफलतापूर्वक आयोजन कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय सूरजपुर के सभाकक्ष में आज किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक-दृष्टिकोण, तार्किक चिंतन एवं गणितीय कौशल का विकास करना रहा।
प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विकासखंडों/विद्यालयों से चयनित प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। क्विज प्रतियोगिता के अंतर्गत सामान्य विज्ञान, गणितीय तर्कशक्ति, दैनिक जीवन में विज्ञान का उपयोग तथा समसामयिक वैज्ञानिक घटनाओं से संबंधित प्रश्न पूछे गए। विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। यह प्रतियोगिता दो स्तरों पर आयोजित की गई माध्यमिक स्तर एवं उच्च प्राथमिक स्तर। माध्यमिक स्तर में प्रथम स्थान सूरजपुर ने प्राप्त किया एवं रामानुजनगर ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया, वहीं सीनियर वर्ग में प्रतापपुर ने प्रथम स्थान एवं प्रेमनगर ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता हेतु किया जाएगा।
कार्यक्रम में आशीष पाण्डेय, सुनील कुमार चक्रधारी, कीर्ति कौशल दुबे, सुमन वर्मा, गोपाल सिंह, ईश्वर सिंह, सुदर्शन सिंह एवं योगेश चंद्राकर का महत्वपूर्ण योगदान रहा।





