छत्तीसगढ़सरगुजा

कांग्रेस जान बूझ कर छत्तीसगढ़ को आग में झोंक कर सरकार को बदनाम करने की पूरी कोशिश कर रहा–विधायक राजेश अग्रवाल

Spread the love

अम्बिकापुर:– आज संकल्प भवन भाजपा कार्यालय में प्रेसवार्ता के दौरान अंबिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल ने कांग्रेस पर प्रदेश में अशांति और अराजकता फैलाने के लिए षड्यंत्र करने का आरोप लगाया है।

भाजपा ज़िला अध्यक्ष ललन प्रताप सिंह की उपस्थिति में आहूत प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए विधायक राजेश अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस द्वारा प्रदेश में अशांति और अराजकता फैलाने का षड्यंत्र किया जा रहा है। प्रदेश में जहां भी अपराध और तनाव जैसी स्थिति उत्पन्न हो रही है, उसके जड़ में कांग्रेस है।आगे उन्होंने कहा कि कांग्रेस और कांग्रेस के लोग जान बूझ कर छत्तीसगढ़ को आग में झोंक कर सरकार को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं, इसलिए पहले ख़ुद अपराध को जन्म देते हैं, षड्यंत्र रचते हैं और फिर उस पर सरकार को घेरने में उसके बड़े नेता लग जाते हैं।

उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधि कांग्रेस की राष्ट्रीय स्तर पर तय साज़िश के तहत हो रहा है, कांग्रेसियों का मंसूबा है कि समूचे देश-प्रदेश को अराजकता में धकेल दो, फिर चुनी हुई सरकारों को अस्थिर करो तथा भय और अपराध का वातावरण निर्मित करो।छत्तीसगढ़ में भी हर आतंक और अपराध के पीछे कांग्रेस का ही खूनी पंजा है। कांग्रेस लोकसभा चुनाव में मिली करारी हार और छत्तीसगढ़ समेत तमाम राज्यों में हुए सफ़ाये से अब जनता के प्रति बदले की भावना से भरी हुई है। वह समाज में अशांति फैलाने का काम कर रही है।

कांग्रेसियों द्वारा कारित अपराध एवं षड्यंत्रों पर प्रकाश डालते हुए विधायक राजेश ने बताया कि अभी दामाखेड़ा में कबीरपंथ ही नहीं समूचे प्रदेश के आस्था के केंद्र में हमला करने वाला कांग्रेस का सक्रिय कार्यकर्ता निकला है और इसका प्रमाण स्वयं प्रकाशमुनि साहब के फेसबुक के पोस्ट में है, प्रकाशमुनि साहेब ने अपने फेसबुक पोस्ट में इस बात का उल्लेख किया है कि इस घटना में भी अपराधी सरपंच पति कांग्रेस पार्टी का ही कार्यकर्ता है। प्रकाशमुनि साहब का स्पष्ट आरोप है कि दामखेड़ा की घटना को राजनीतिक रंग दिया जा रहा है। कांग्रेस के इस कृत्य की जितनी भर्त्सना की जाय, कम है।

इसी तरह बलौदाबाजार में योजनाबद्ध तरीके से कलेक्टर और एसपी कार्यालय जलाये गये जहां इस प्रकरण में कांग्रेस के विधायक देवेंद्र यादव के साथ-साथ सैकड़ों कांग्रेसी जेल में बंद हैं। महीनों बाद भी किसी अदालत ने इन्हें अगर जमानत देने लायक भी नहीं पाया है।

सूरजपुर में पुलिस अधिकारी की पत्नी और बच्चे की जघन्य हत्या का ज़िक्र करते हुए श्री अग्रवाल ने कहा कि हत्या करने वाला एनएसयूआई का ज़िला महासचिव था तथा एनएसयूआई का जिलाध्यक्ष भी इस घृणित कृत्य में शामिल रहा।

लोहारीडीह कांड में भी बार बार गाँव में अशांति फैलाने और दो समूहों को लड़वाने का काम कांग्रेस कर रही है। यही नहीं केशकाल में युवा कांग्रेस का ब्लॉक उपाध्यक्ष 500 रुपये के लाखों के नक़ली नोट के साथ पुलिस के गिरफ़्त में है। कांग्रेस के नेता और उनसे संबंधित अधिकारियों पर कोयला घोटाला, शराब घोटाला, पीएससी घोटाला, महादेव घोटाला आदि के आरोप हैं।

उन्होंने षड्यंत्र में लिप्त कांग्रेस को सुधर जाने की नसीहत देते हुए कि इनके कृत्यों को छत्तीसगढ़ क़तई सहन नहीं करेगा। भाजपा की हमारी सरकार तो प्रदेश में हर क़ीमत पर शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिए कटिबद्ध है ही, हमारा संगठन भी लोकतांत्रिक तरीक़े से कांग्रेस का मुक़ाबला करने तैयार है।

भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा कांग्रेस की आपराधिक कृत्य के विरोध में सभी ज़िला मुख्यालय में पुतला दहन किया जायेगा। कांग्रेस को स्पष्ट चेतावनी दी जा रही है कि वह अपने कृत्यों से बाज आये, अन्यथा उससे हर स्तर पर दो-दो हाथ करने भाजपा के कार्यकर्ता तैयार हैं। कांग्रेस को प्रदेश में अशांति, अराजकता और आतंक फैलाने और फिर उस आग में अपना हाथ सेंकने की छूट हम बिल्कुल नहीं दे सकते।

प्रेसवार्ता के दौरान पार्षद आलोक दुबे, ज़िला सह संवाद प्रमुख रुपेश दुबे, संजीव वर्मा, जितेंद्र सोनी व अन्य लोग मौजूद थे।

Fareed Khan

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Verified by MonsterInsights