
सूरजपुर/बिश्रामपुर :– बिश्रामपुर स्थित डीएवी स्कूल बिश्रामपुर में वार्षिक उत्सव कार्यक्रम अत्यंत उत्साह और गरिमामय वातावरण में सफलता पूर्वक सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर विद्यालय परिसर उत्सव के रंगों से सराबोर नजर आया। कार्यक्रम में नर्सरी से लेकर कक्षा 12वीं तक के छात्र-छात्राओं ने भाग लेते हुए विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा।
छोटे बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों से लेकर वरिष्ठ विद्यार्थियों के सशक्त नृत्य, गीत, नाटक और समूह नृत्य तक ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया। विद्यार्थियों ने देशभक्ति, सामाजिक संदेश और सांस्कृतिक विविधता को अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रभावी ढंग से मंच पर प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के दौरान अभिभावकों और अतिथियों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संजय सिंह, एसईसीएल के महाप्रबंधक रहे। अपने संबोधन में उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक, सांस्कृतिक और अनुशासनात्मक उपलब्धियों की प्रशंसा करते हुए छात्रों, शिक्षकों एवं प्रबंधन को बधाई दी। उन्होंने कहा कि डीएवी स्कूल शिक्षा के साथ-साथ संस्कार देने का भी उत्कृष्ट कार्य कर रहा है और भविष्य में भी संस्था हर कदम पर विद्यालय के साथ खड़ी रहेगी।
विद्यालय की प्राचार्य अनामिका भारती के मार्गदर्शन एवं समस्त स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों के सहयोग से कार्यक्रम को सफल बनाया गया। आयोजन की उत्कृष्ट व्यवस्था, मंच संचालन और अनुशासित संचालन ने सभी को प्रभावित किया। वार्षिक उत्सव की सफलता पर विद्यालय परिवार, छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों में विशेष उत्साह और गर्व का माहौल देखा गया।





