छत्तीसगढ़सरगुजा

अंबिकापुर हत्याकांड: 12 पसलियां टूटीं, दिल-फेफड़े फटे—रेलवे स्टेशन पर घूमता दिखा संदिग्ध

Spread the love

अंबिकापुर :– अंबिकापुर में मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। कोतवाली थाना क्षेत्र के महामाया प्रवेश द्वार के पास एक 45 वर्षीय महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतका का शव शुक्रवार सुबह रिंग रोड किनारे एक मटन की दुकान में खून से लथपथ मिला। अपराधियों ने न केवल महिला के साथ दुष्कर्म किया, बल्कि उसके प्राइवेट पार्ट में प्लास्टिक की बोतल डालकर क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं। पुलिस के अनुसार, महिला पिछले 10 वर्षों से अपने पति की मृत्यु के बाद अकेले रह रही थी और कबाड़ बीनकर अपना गुजारा करती थी।फॉरेंसिक रिपोर्ट में रोंगटे खड़े कर देने वाला खुलासा:

मेडिकल कॉलेज के फॉरेंसिक विभाग के डॉ. संटू बाघ ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर रोंगटे खड़े करने वाले खुलासे किए हैं। उन्होंने बताया कि महिला के सीने की सभी 12 पसलियां टूटकर चकनाचूर हो गई थीं, जिससे उसके फेफड़े और दिल फट गए थे। सिर की तीन हड्डियां टूटी हुई थीं और चेहरे को पहचान छिपाने के उद्देश्य से कुचला गया था। डॉक्टर के अनुसार, हमलावर महिला के सीने पर चढ़कर कूदे होंगे, जिससे इतनी गंभीर अंदरूनी चोटें आईं। फॉरेंसिक विशेषज्ञों का यह भी मानना है कि इस जघन्य अपराध में एक से अधिक अपराधी शामिल हो सकते हैं।सीसीटीवी फुटेज में कैद संदेही प्रेमी ‘मिथुन’

पुलिस की जांच में पता चला है कि महिला का एक प्रेमी था, जो खुद को ‘पुष्पा’ बताता था। वारदात से कुछ समय पहले दोनों को साथ देखा गया था। पुलिस ने जब सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तो संदेही मिथुन उर्फ पंडा 3 अप्रैल की सुबह रेलवे स्टेशन पर संदिग्ध हालत में घूमता हुआ दिखाई दिया। आशंका जताई जा रही है कि आरोपी ट्रेन के जरिए शहर से फरार हो गया है। सरगुजा पुलिस ने पड़ोसी जिलों में अलर्ट जारी कर आरोपी की तलाश तेज कर दी है। साइबर सेल की टीमें लगातार उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

पारिवारिक  और सामाजिक से दूरी

मृतका अंबिकापुर के गंगापुर इलाके में किराए के मकान में रहती थी, जहां उसका 25 वर्षीय बेटा भी रहता है। हालांकि, महिला नशे की आदी थी और अक्सर दो-दो महीने तक घर नहीं लौटती थी। उसके बेटे ने पुलिस को बताया कि उसकी मां और उसके प्रेमी की हरकतों के कारण उसने उनसे दूरी बना ली थी। महिला की आर्थिक स्थिति और जीवनशैली के कारण उसे समाज की मुख्यधारा से कटा हुआ माना जा रहा था। बेटे के अकेले होने के कारण, ‘अनोखी सोच’ नामक संस्था ने आगे आकर गंगापुर मुक्तिधाम में महिला का अंतिम संस्कार संपन्न कराया।

टीएस सिंहदेव ने की फांसी की मांग

इस घटना ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने इस हैवानियत की तुलना दिल्ली के ‘निर्भया कांड’ से करते हुए आरोपी को तत्काल फांसी देने की मांग की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर प्रदेश सरकार को घेरते हुए न्याय की अपील की। वहीं, शनिवार को महिला कांग्रेस ने शहर में रैली निकालकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश व्याप्त है और वे जल्द से जल्द दोषियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने बिसरा जांच के लिए भेज दिया है ताकि दुष्कर्म की आधिकारिक पुष्टि हो सके।

Fareed Khan

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Verified by MonsterInsights