कुसमी में अफीम की खेती पर कार्रवाई, झारखंड के व्यक्ति ने लगाया था 4 एकड़ में खेत

अंबिकापुर/बलरामपुर :– जिले के कुसमी थाना क्षेत्र से बड़े पैमाने पर अफीम की खेती किए जाने का मामला सामने आया है। झारखंड के व्यक्ति द्वारा 2 ग्रामीणों की करीब 4 एकड़ जमीन लीज पर लेकर अफीम की खेती की गई है। सूचना मिलते ही मंगलवार की सुबह बलरामपुर व जशपुर जिले के 4 थाना की टीमें और कुसमी एसडीएम, एसडीओपी, तहसीलदार व टीआई मौके पर पहुंचे। यहां अफीम के पौधे जब्त किए जाने की कार्रवाई जारी है।
बलरामपुर जिले के कुसमी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत त्रिपुरी के सरनाटोली निवासी रूपदेव राम पिता ठाकुर राम व कौशिल पिता रुंगु की करीब 4 एकड़ जमीन को झारखंड के एक व्यक्ति ने लीज (Opium cultivation) पर ली है। उक्त दोनों ही जमीन चारों ओर जंगल से घिरी हुई है।
सूचना मिलते ही मंगलवार की सुबह कुसमी, शंकरगढ़, सामरी व जशपुर जिले के आस्था थाने की पुलिस तथा कुसमी एसडीएम अनमोल विवेक टोप्पो, एसडीओपी आशीष कुंजाम, टीआई विरासत कुजूर, व तहसीलदार राकी इक्का दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे।
अफीम की अवैध खेती देख अफसरों के उड़े होश
ग्राम सरनाटोली में चारों ओर से घिरे जंगल के बीच खेत में अफीम की खेती (Opium cultivation) देख अफसरों के भी होश उड़ गए। इसके बाद पुलिस व प्रशासन की टीम ने खेत को चारों ओर से घेरकर अफीम के पौधे जब्त करने की कार्रवाई शुरु कर दी है। अफसरों का कहना है कि खेती के लिए ऐसी जगह का चुनाव किया गया है, जहां से आसानी से किसी का आना-जाना न हो।
व्यवस्थित तरीके से की गई है खेती
अफीम की खेती बड़े ही सिस्टेमेटिक तरीके से की गई है। बताया जा रहा है कि खेती करने वालों को यहां के मौसम से लेकर अफीम के खेती के तौर-तरीके पूरी तरह से मालूम हैं। यह बात भी सामने आ रही है कि उक्त पौधों से काफी मात्रा में अफीम निकालकर तस्करी भी की जा चुकी है। फिलहाल कितने का अफीम है, इसका पता नहीं चल सका है। प्रशासनिक व राजस्व की टीम पौधों की गिनती व जमीन की नापजोख कर रही है।
अफसरों का कहना है :–
कार्रवाई करने पहुंंचे अफसरों का कहना है कि इससे पहले उन्होंने कभी अफीम (Opium cultivation) को लेकर कार्रवाई नहीं की है। वे अफीम की खेती मामले में दुर्ग में हुई कार्रवाई का आइडिया ले रहे हैं। वहीं रायपुर से टीम भी बुलाए जाने की बात कही जा रही है। सरनाटोली जशपुर जिले के आस्ता थाना क्षेत्र से भी लगा हुआ है।





