बलरामपुर में दंतैल हाथी का कहर, ग्रामीण दंपती की दर्दनाक मौत

बलरामपुर :– जिले के ग्राम कुंदी में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। जंगल की ओर जा रहे एक ग्रामीण दंपती पर दंतैल हाथी ने हमला कर दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर स्थिति पर नजर बनाए हुए है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।
घर से कुछ दूरी पर हुआ हाथी से हुआ सामना
जानकारी के अनुसार, ग्राम कुंदी के बांधपारा निवासी जूठन गोंड़ (65) और उनकी पत्नी सुंदरी बाई (56) मंगलवार सुबह करीब पांच बजे घर से जंगल की ओर निकले थे। दोनों घर से लगभग 200 मीटर दूर पहुंचे ही थे कि उनका सामना एक दंतैल हाथी से हो गया। अचानक सामने आए हाथी को देखकर दंपती ने बचने का प्रयास किया, लेकिन वे समय रहते सुरक्षित स्थान तक नहीं पहुंच सके।
दंतैल हाथी ने दौड़ाकर किया हमला दर्दनाक हमला
प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक, हाथी ने दंपती को देखते ही आक्रामक रुख अपना लिया। दोनों ने जान बचाने के लिए भागने की कोशिश की, लेकिन हाथी ने उनका पीछा किया और हमला कर दिया। दंतैल हाथी ने दोनों को पटक-पटककर गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही ग्रामीणों में भय का माहौल फैल गया।
वन विभाग की टीम ने संभाला मोर्चा।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग का अमला तत्काल मौके पर पहुंचा। एसडीओ फॉरेस्ट आरएसएल श्रीवास्तव, रेंजर अजय वर्मा और अन्य अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे तथा मामले की जांच शुरू की। अधिकारियों ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। वन विभाग द्वारा आसपास के क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है।
हाथियों के दल से अलग हुआ था दंतैल
वन विभाग के अनुसार, पांच हाथियों का एक दल कल्याणपुर जंगल क्षेत्र में विचरण कर रहा था। देर रात एक दंतैल हाथी अपने दल से अलग होकर कुंदी गांव के आसपास पहुंच गया। इसी दौरान सुबह उसका सामना ग्रामीण दंपती से हो गया। अधिकारियों का कहना है कि हाथी फिलहाल पास के जंगल में मौजूद है और उसकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।
ग्रामीणों को किया जा रहा सतर्क…
रेंजर अजय वर्मा ने बताया कि हाथी की मौजूदगी को देखते हुए आसपास के गांवों में मुनादी कराई जा रही है और लोगों को जंगल या सुनसान क्षेत्रों में अकेले न जाने की सलाह दी जा रही है। वन विभाग की टीम लगातार गश्त कर रही है ताकि किसी अन्य अप्रिय घटना को रोका जा सके।
परिजनों को दी गई तत्काल सहायता राशि…
वन विभाग ने मृतक दंपती के परिजनों को तात्कालिक सहायता के रूप में 25-25 हजार रुपये की आर्थिक मदद प्रदान की है। साथ ही शासन की ओर से मिलने वाली अन्य सहायता प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि प्रभावित परिवार को नियमानुसार पूरी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।





