छत्तीसगढ़

खराब मोटर लेकर पहुंचे क्रेडा कर्मचारी, घंटों मशक्कत के बाद भी नहीं चला पंप, ग्रामीणों में भारी नाराजगी

Spread the love

सूरजपुर/प्रतापपुर  :– सूरजपुर जिले के प्रतापपुर जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत केवरा के परसापारा में पेयजल संकट को लेकर प्रकाशित खबर के बाद आखिरकार क्रेडा विभाग हरकत में आया, लेकिन विभाग की कार्यशैली ने एक बार फिर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

ग्रामीणों के अनुसार, लगभग एक महीने पहले खराब हुए सौर जलप्रदाय मोटर को मरम्मत के नाम पर विभाग अपने साथ ले गया था। लगातार पेयजल संकट से जूझ रहे ग्रामीणों को उम्मीद थी कि विभाग नया या पूरी तरह मरम्मत किया गया मोटर लगाएगा, जिससे गांव में पानी की समस्या दूर हो सकेगी।

लेकिन सोमवार को विभागीय कर्मचारी जब मौके पर पहुंचे तो उनके पास वही पुराना खराब मोटर था। कर्मचारियों ने घंटों तक मोटर को चालू करने का प्रयास किया, लेकिन मोटर चालू नहीं हो सका। आखिरकार विभागीय कर्मचारी मोटर को वापस सूरजपुर लेकर लौट गए।

इस पूरे घटनाक्रम को देखकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिली। ग्रामीणों का कहना है कि एक महीने तक मोटर विभाग के पास रहा, इसके बावजूद उसे ठीक नहीं किया जा सका। अब सवाल उठ रहा है कि आखिर विभाग ने इतने लंबे समय तक मोटर को अपने पास रखने के बाद भी उसकी मरम्मत क्यों नहीं करवाई।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्रेडा विभाग की लापरवाही के कारण गांव में पेयजल संकट लगातार गहराता जा रहा है। लोगों को मजबूरी में दूर-दराज से पानी लाना पड़ रहा है, वहीं कुछ परिवार तालाब और अन्य असुरक्षित जल स्रोतों का सहारा लेने को मजबूर हैं।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि तत्काल नया मोटर लगाकर पेयजल व्यवस्था बहाल की जाए तथा लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए। अब देखना होगा कि लगातार सवालों के घेरे में आ रहे क्रेडा विभाग द्वारा ग्रामीणों की समस्या का स्थायी समाधान कब तक किया जाता है।

Fareed Khan

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Verified by MonsterInsights